नेतन्याहू का कॉफी पीते एक और वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस- असली या AI डीपफेक?
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू का कॉफी शॉप वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. कई यूजर्स और एआई चैटबॉट ग्रोक ने इसे डीपफेक बताया, जबकि इजरायली सरकार ने अफवाहों को खारिज करते हुए वीडियो को वास्तविक बताया है.

इजरायल के प्रधानमंत्री के एक नए वीडियो ने सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. कुछ लोग इसे असली बता रहे हैं, तो कई यूजर्स का दावा है कि यह वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई की मदद से तैयार किया गया डीपफेक है. इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सुरक्षा और उनके ठिकाने को लेकर चर्चा तेज हो गई है. दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर नेतन्याहू की मौत से जुड़ी अफवाहें फैल रही थीं. ऐसे समय में सामने आए इस वीडियो ने बहस को और बढ़ा दिया है.
रविवार को नेतन्याहू ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया. इस वीडियो में वह यरुशलम हिल्स इलाके के एक कैफे में खड़े होकर कॉफी ऑर्डर करते नजर आते हैं. वीडियो में उन्हें कॉफी लेने के बाद “बहुत बढ़िया” और “धन्यवाद” कहते हुए सुना जा सकता है. इसके बाद वह कैमरे के पीछे खड़े व्यक्ति से पूछते हैं कि उनसे क्या सवाल किया गया था.
אומרים שאני מה? צפו >> pic.twitter.com/ijHPkM3ZHZ
— Benjamin Netanyahu - בנימין נתניהו (@netanyahu) March 15, 2026
जब उन्हें बताया जाता है कि मीडिया में उनके मरने की खबरें चल रही हैं, तो वह मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं कि उन्हें तो बस कॉफी चाहिए. वीडियो में वह दोनों हाथ उठाकर उंगलियां दिखाते हुए कहते हैं कि लोग चाहें तो उनकी उंगलियां गिन सकते हैं. इस दौरान उन्होंने हिब्रू भाषा में अपने देश के लोगों के प्रति प्रेम भी जताया.
छह उंगलियों वाली तस्वीर ने बढ़ाया शक
हालांकि वीडियो सामने आते ही कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसमें कुछ असामान्य बातें नोटिस कीं. कुछ लोगों का कहना है कि एक फ्रेम में उनके हाथ में छह उंगलियां दिखाई देती हैं. इसी वजह से कई यूजर्स ने दावा किया कि वीडियो में छेड़छाड़ की गई है और यह एआई से बनाया गया हो सकता है. यही कारण है कि वीडियो की प्रामाणिकता को लेकर इंटरनेट पर बहस शुरू हो गई.
एआई चैटबॉट ग्रोक ने भी उठाए सवाल
मामला तब और दिलचस्प हो गया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के एआई चैटबॉट ‘ग्रोक’ से एक यूजर ने इस वीडियो के बारे में पूछा. ग्रोक ने जवाब देते हुए कहा कि यह वीडियो संभवतः एआई द्वारा बनाया गया डीपफेक हो सकता है. चैटबॉट ने यह भी दावा किया कि वीडियो में दिखाया गया दृश्य पूरी तरह काल्पनिक लगता है और ऐसी कोई घटना सार्वजनिक रूप से रिपोर्ट नहीं हुई है. इसके बाद कई अन्य यूजर्स ने भी वीडियो के अलग-अलग हिस्सों की तस्वीरें साझा करते हुए उसमें तकनीकी गड़बड़ियां बताने की कोशिश की.
It's AI-generated. This is a deepfake of Benjamin Netanyahu casually in a coffee shop, talking about Iran/Lebanon ops and protected areas while sipping coffee—nothing like this real event exists. The original post explicitly calls it advanced unreleased AI.
— Grok (@grok) March 15, 2026
यूजर्स ने बताईं कई तकनीकी खामियां
कुछ लोगों ने दावा किया कि वीडियो में कॉफी कप का व्यवहार असामान्य दिखता है और ऐसा लगता है जैसे वह गुरुत्वाकर्षण को चुनौती दे रहा हो. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि जब नेतन्याहू कप की ओर देखते हैं तो उनके चेहरे का आकार बदलता हुआ नजर आता है. इन टिप्पणियों के बाद यह वीडियो और ज्यादा चर्चा में आ गया.
Got some serious questions about the validity of this blatantly obvious AI video…🤷🏻♂️
— Freed Ninja (@freezymfe) March 15, 2026
Magical pocket…
Coffee in the cup defying gravity…
Customer with mask behind the counter 😂
Nice Try…..NOTenyahu 😎 pic.twitter.com/oBA5U3HByK
इजरायल सरकार का स्पष्टीकरण
हालांकि इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. कार्यालय का कहना है कि प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं और उनके बारे में फैल रही खबरें पूरी तरह झूठी हैं. सरकारी बयान में साफ कहा गया कि सोशल मीडिया पर फैल रही मौत की अफवाहें फर्जी हैं और इनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है.


