अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में नहीं दिखे मुज्तबा गायब! तीन भाई आए, लेकिन नहीं दिखा बेटा

सरकारी मीडिया ने रविवार को एक तस्वीर जारी की। इसमें अली खामेनेई के तीन बेटे मुस्तफा, मेसम और मसूद ताबूत के पास खड़े दिख रहे थे। लेकिन मुज्तबा इस तस्वीर में नहीं थे।

calender

नई दिल्ली: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का छह दिन का अंतिम संस्कार रविवार से शुरू हो गया। तेहरान की इमाम खामेनेई ग्रैंड मोसाला मस्जिद में हजारों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। लेकिन इस बड़े मौके पर एक अहम चेहरा नदारद रहा, उनके बेटे मुज्तबा खामेनेई।  

पिता के अंतिम संस्कार में मुज्तबा के न आने से उनके ठिकाने और सेहत को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।  

तीन भाई मौजूद, मुज्तबा नदारद   

सरकारी मीडिया ने रविवार को एक तस्वीर जारी की। इसमें अली खामेनेई के तीन बेटे मुस्तफा, मेसम और मसूद ताबूत के पास खड़े दिख रहे थे। लेकिन मुज्तबा इस तस्वीर में नहीं थे।  

ईरानी अधिकारियों ने पहले ही साफ कर दिया था कि मुज्तबा छह दिन के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे।  
समारोह में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़, IRGC के प्रमुख जनरल अहमद वाहिदी और कुद्स फोर्स के कमांडर इस्माइल क़ानी समेत ईरान का पूरा नेतृत्व मौजूद था।  

कहां हैं मुज्तबा? चोट की खबर   

56 साल के मुज्तबा को आखिरी बार 28 फरवरी के बाद सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया। उस दिन अमेरिका और इज़राइल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया था, जिसमें अली खामेनेई की मौत हो गई थी। खबर है कि उन हमलों में मुज्तबा भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज चल रहा है।  

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी पहले कहा था कि उन्हें पक्का नहीं पता मुज्तबा जिंदा हैं या नहीं। बाद में उन्होंने कहा कि मुज्तबा "किसी न किसी रूप में" जिंदा हैं और वो उनसे मिलना चाहेंगे। ईरान ने इस दावे को खारिज कर दिया।  

ईरानी अधिकारियों ने मुज्तबा की कोई नई तस्वीर या वीडियो भी जारी नहीं किया है। इसी वजह से अटकलें तेज हैं। अधिकारी सिर्फ इतना कह रहे हैं कि वो जिंदा हैं।  

तेहरान में उमड़ा जनसैलाब   

रविवार को ईरान में सरकारी छुट्टी थी। तेहरान की सड़कों पर भारी भीड़ थी। लोग अली खामेनेई को अंतिम सलाम देने आए थे। कई लोग "बदला चाहिए" के नारे लगा रहे थे।

38 साल के मिरेमादी नाम के शख्स ने AFP से कहा, "खामेनेई के हत्यारों को सजा मिलनी चाहिए। अगर नेता बातचीत की राह चुनेंगे तो जनता साथ नहीं देगी।" इतनी बड़ी भीड़ देखकर ट्रंप भी हैरान रह गए। Axios से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मुझे झटका लगा। मुझे लगता था लोग उनसे नफरत करते हैं।"  

उत्तराधिकार को लेकर सस्पेंस   

मुज्तबा को लंबे समय से अली खामेनेई का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता रहा है। लेकिन हमले के बाद से उनकी गैर-मौजूदगी और कोई जानकारी न मिलना ईरान की सियासत में अनिश्चितता बढ़ा रहा है। अंतिम संस्कार अभी एक हफ्ते चलेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में मुज्तबा को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट आता है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी।   First Updated : Sunday, 05 July 2026