बार-बार डोनाल्ड ट्रंप को मारने की कोशिश क्यों? अमेरिकी राष्ट्रपति ने डिनर हॉल में हुए हमले के बाद खुद दिया जवाब
वाशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर कार्यक्रम दौरान कई राउंड फायरिंग की गई. जैसे-तैसे सभी ने अपनी जान बचाई. घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप का एक बयान सामने आया है.

नई दिल्ली: शनिवार रात वाशिंगटन डीसी के वाशिंगटन हिल्टन होटल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान एक हमलावर ने सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की और कई राउंड फायरिंग कर दी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे. सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत कार्रवाई की और ट्रंप समेत सभी शीर्ष नेताओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हमलावर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, हालांकि एक सुरक्षा अधिकारी को गोली लगी, लेकिन उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट ने जान बचा ली.
घटना के बाद ट्रंप का बयान
घटना के बाद व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ट्रंप से एक पत्रकार ने सवाल किया- “आप पर बार-बार जानलेवा हमले क्यों हो रहे हैं?” ट्रंप ने अपने खास अंदाज में जवाब दिया, “जो लोग सबसे ज्यादा काम करते हैं और जो सबसे बड़ा प्रभाव डालते हैं, लोग उन्हीं के पीछे पड़ते हैं.” उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का पद बहुत जोखिम भरा है. “मुझे कोई दूसरा पेशा नहीं दिखता जो इससे ज्यादा खतरनाक हो.”
ट्रंप ने हमलावर को ‘lone wolf’ बताया और कहा कि संदिग्ध व्यक्ति होटल में रुकने वाला मेहमान था. उसके पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू जैसे हथियार थे. उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया, जिसमें हमलावर सुरक्षा चेकपॉइंट की ओर भागता दिख रहा है और एजेंट उसे रोकने के लिए दौड़ रहे हैं.
सुरक्षा अधिकारी की जान बची
ट्रंप ने बताया कि एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी को बहुत करीब से घातक हथियार से निशाना बनाया गया था. गोली लगने के बावजूद बुलेटप्रूफ जैकेट ने उन्हें बचाया और अधिकारी फिलहाल अच्छी हालत में हैं.
पहले भी हुआ ट्रंप पर हमला
यह ट्रंप पर दूसरा बड़ा जानलेवा हमला है. इससे पहले पेंसिल्वेनिया में चुनावी रैली के दौरान भी उन पर गोली चलाई गई थी, जिसमें उनके कान में चोट लगी थी. ट्रंप ने कहा कि वे कार्यक्रम में रहना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर कार्यक्रम रद्द कर दिया गया. बाद में इसे दोबारा आयोजित किया जाएगा.
अमेरिका में बढ़ती चिंता
यह घटना व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई, जिसमें हजारों पत्रकार, राजनेता और हस्तियां शामिल होती हैं. ट्रंप ने सभी अमेरिकियों से अपील की कि मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं. सीक्रेट सर्विस और एफबीआई मामले की जांच कर रही है. ट्रंप ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की बात भी कही.


