शी जिनपिंग की दो टूक: अलगाववादियों को चेतावनी, कहा 'ताइवान को चीन में मिलाना पार्टी का ऐतिहासिक मिशन'

अपने भाषण में जिनपिंग ने ताइवान की आजादी की मांग करने वाले समूहों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चीन ऐसे सभी अलगाववादी तत्वों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगा।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना यानी CPC के 105वें स्थापना दिवस पर हुए समारोह में जिनपिंग ने साफ कहा कि ताइवान को चीन में शामिल करना पार्टी का ऐतिहासिक मिशन है। उन्होंने इसे CPC की 'अटल प्रतिबद्धता' बताया और कहा कि यह काम हर हाल में पूरा होगा।  

अलगाववादियों और बाहरी दखल पर सख्त संदेश   

अपने भाषण में जिनपिंग ने ताइवान की आजादी की मांग करने वाले समूहों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चीन ऐसे सभी अलगाववादी तत्वों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करेगा। साथ ही किसी भी तरह का बाहरी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिनपिंग ने जोर देकर कहा कि नई परिस्थितियों में ताइवान मुद्दे को हल करने की पार्टी की रणनीति पूरी तरह लागू की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि चीन अपनी राष्ट्रीय संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की रक्षा के लिए कोई समझौता नहीं करेगा। नेशनल यूनिफिकेशन का लक्ष्य लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।  

मजबूत देश के लिए मजबूत सेना जरूरी: जिनपिंग   

राष्ट्रपति जिनपिंग ने सेना को और ताकतवर बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत देश के लिए मजबूत सेना का होना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक सिर्फ शक्तिशाली सैन्य बल ही देश की सुरक्षा की गारंटी दे सकता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब ताइवान स्ट्रेट में चीन की सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।  

आर्थिक चुनौतियों पर बोले: पीछे नहीं हटेगा चीन   

शी जिनपिंग ने माना कि चीन इस वक्त ऐसे दौर में है जहां मौके के साथ जोखिम और चुनौतियां भी हैं। लेकिन उन्होंने साफ किया कि दुश्मन कितना भी ताकतवर हो, रास्ता कितना भी कठिन हो या चुनौतियां कितनी भी बड़ी हों, चीन पीछे नहीं हटेगा।  

पार्टी नेताओं को दिया भ्रष्टाचार पर सख्ती का मंत्र   

जिनपिंग ने पार्टी नेताओं से संकट की भावना को मजबूत करने को कहा। उन्होंने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हालात में बेहतर तालमेल बिठाकर उच्च गुणवत्ता वाले विकास पर फोकस करने की अपील की। भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख दिखाते हुए जिनपिंग बोले कि पार्टी की शुद्धता और मजबूती को नुकसान पहुंचाने वाले हर तत्व को खत्म किया जाएगा।  

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो