बालों को पोषण देने में सबसे आगे है दही, जानिए इसके फायदे और इसे बालों में लगाने के तरीके

दही में पाया जाने वाला प्रोटीन बालों को मजबूती देता और बालों की ग्रोथ को मदद करता है। दही से कई सारे हेयर मास्क बनाए जा सकते हैं जो बालों का विकास करते हैं।

Vineeta Vashisth
Vineeta Vashisth
दही ऐसा डेयरी उत्पाद है जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद है। दही सेहत के साथ साथ त्वचा और बालों के विकास के लिए भी काफी लाभकारी है। बालों की बात करें तो टूटते झड़ते बाल और कमजोर बाल आजकल सबकी परेशानी का कारण बने हुए हैं। प्रदूषण, हवाएं, लापरवाही, पोषण की कमी के चलते बाल पतले और कमजोर होते जा रहे हैं। कई बार बदलते मौसम में इतने बाल गिर जाते हैं कि गंजेपन का खतरा पैदा हो जाता है। ऐसे में दही बालों के विकास के लिए कारगर साबित हो सकता है। दही में पाया जाने वाला प्रोटीन बालों  के विकास में अहम योगदान कर सकता है। चलिए जानते हैं कि दही बालों के लिए किस तरह फायदेमंद साबित होता है औऱ आप बालों को मजबूत करने के लिए घर पर ही कैसे दही के कई सारे हेयर मास्क बना सकते हैं।
 
बालों को दही कैसे फायदा पहुंचाता है - 
 
दही में पाया जाने वाला ढेर सारा प्रोटीन बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए काफी काम आता है। दही में ढेर सारा लैक्टिक एसिड पाया जाता है जो बालों के पोषण की कमी पूरी दूर करता है. दही लगाने से बालों के डेड स्किन सेल्स साफहो जाते हैं और स्कैल्प संक्रमण रहित बनती है। दही में बालों के लिए ढेर सारा मॉस्चुराइजर होता है जो बालों को नर्म मुलायम बनाने के साथ साथ शाइन भी बनाता है। बतौर मॉस्चुराइजर दही फ्रिजी बालों को सुलझाता है और उनको मुलायम करता है जिससे कंघी करने के दौरान बाल ज्यादा नहीं टूटते हैं। 
 
दही में प्रोटीन के साथ साथ ढेर सारा कैल्शियम, विटामिन बी 5, विटामिन बी 6, विटामिन बी 7 के साथ साथ विटामिन डी और जिंक, पोटैशियम, फोलेट और मैग्नीशियम जैसे मिनिरल्स पाए जाते हैं जो बालों के विकास और ग्रोथ के लिए काफी जरूरी माने जाते हैं। 
 
दही का हेयर मास्क बालों को प्रदूषण, सन बर्न और सूरज की हानिकारक किरणों के प्रकोप से बचाता है। इसकी प्रोटेक्शन लेयर बालों को बाहरी गर्म हवा से महफूज रखती है औऱ बाल स्वस्थ बने रह पाते हैं। 
 
बालों में दही लगाने से ना केवल बालों की रूसी साफ होती है बल्कि फंगल इन्फेक्शन भी दूर हो जाता है और बालों के कई तरह के संक्रमण दूर होते हैं। अगर आपके बाल समय से पहले सफेद हो रहे हैं तो ये  उम्र का नहीं पोषण की कमी का असर है। ऐसे में दही बालों की ये दिक्कत खत्म करने में मदद करता है। इसकी मदद से बालों का सफेद होना कम हो सकता है। 
 
बालों में दही लगाने के तरीके -
 
बालों में दही को बतौर हेयर मास्क लगाया जा सकता है। दही का हेयर मास्क बनाने के साथ साथ दही के साथ अन्य उपयोगी और नैचुरल चीजें मिक्स करके बने हेयर मास्क भी बालों के विकास के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं।
 
दही औऱ चिया सीड्स का हेयर मास्क
दही के साथ अलसी के बीजों को मिलाकर बनाया गया हेयर मास्क भी बालों के लिए बहुत कारगर साबित होता है. अलसी यानी चिया के बीजों में ढेर सारा ओमेगा 3 और फैटी एसिड पाया जाता है जो बालों को भरपूर पोषण देता है वहीं दही नैचुरल कंडीशनर के तौर पर बालों को शानदार बना देता है। दो चम्मच ताजा दही कटोरी में लीजिए और चिया सीड्स का पाउडर उसमें मिला लीजिए। इसमें थोड़ा सा ऐलोवेरा जैल डालिए औऱ अच्छे से मिक्स करके बालों पर लगा लीजिए। एक घंटा बाद बालों को किसी अच्छे शैंपू की मदद से धो डालिए। आपके बाल मुलायम औऱ रेशमी हो जाएंगे। 
 
दही और नींबू का हेयर मास्क
एक कटोरी में दो चम्मच दही, आधा चम्मच नींबू का रस औऱ पांच से छह बूंदें नारियल तेल की मिला लीजिए और अच्छे से मिक्स करके बालों और स्कैल्प पर अच्छी तरह लगा लीजिए। आधा घंटा बाद सिर धो लीजिए। हफ्ते में दो बार इस हेयर मास्क को लगाने से बालों का गिरना कम हो जाएगा।
 
दही और केले का हेयर मास्क
केले को मैश करके  दही के साथ  अच्छे से मिक्स कर लीजिए और इसमें जैतून या नारियल के तेल की कुछ बूंदें मिला लीजिए। इसे स्कैल्प पर अच्छे से लगाइए औऱ बालों की लंबाई पर भी लगा लीजिए। आधा घंटा बाद शैंपू कर लीजिए। इस हेयर मास्क की मदद से आपके बाल मजबूत होंगे और उनका टूटना कम हो जाएगा। इसके साथ ही बाल शाइनी और मुलायम होंगे।
 
दही औऱ जैतून के तेल का हेयर मास्क
एक  कप ताजा दही में थोड़ा सा जैतून का तेल मिक्स करके बालों पर लगाइए। आधा घंटा बाद शैंपू कर लीजिए। इससे आपके बालों का गिरना कम हो जाएगा और बालों को शानदार कंडीशनिंग भी मिलेगी।
calender
30 March 2023, 04:34 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो