IRCTC संग कीजिए थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर की सैर, रहना-खाना सब शामिल, जानें पैकेज की पूरी डिटेल

दक्षिण-पूर्व एशिया के सुंदर और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की सैर का सपना देख रहे पर्यटकों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन एक शानदार अवसर लेकर आया है.

calender

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्व एशिया के सुंदर और प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की सैर का सपना देख रहे पर्यटकों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन एक शानदार अवसर लेकर आया है. IRCTC के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय ने 'बेस्ट ऑफ एशिया, थ्री इन वन' नामक विशेष अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा पैकेज की घोषणा की है. 11 रात और 12 दिनों का यह ऑल-इंक्लूसिव टूर 10 अगस्त 2026 से शुरू होगा, जिसकी उड़ान इंदौर एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी. इस यात्रा के माध्यम से पर्यटकों को थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर के प्रमुख शहरों का भ्रमण करने का मौका मिलेगा.

यात्रा का प्रमुख आकर्षण और दर्शनीय स्थल

इस विशेष टूर पैकेज के तहत पर्यटकों को तीन देशों के चार प्रमुख शहरों, बैंकॉक, पटाया, कुआलालंपुर और सिंगापुर की अद्भुत सैर कराई जाएगी. यात्रा की शुरुआत थाईलैंड से होगी. जहां पटाया में पर्यटकों को प्रसिद्ध कोरल आइलैंड और जेम्स गैलरी का भ्रमण कराया जाएगा. जबकि बैंकॉक में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों जैसे गोल्डन बुद्ध, मार्बल टेंपल के दर्शन के साथ-साथ सफारी वर्ल्ड, मरीन पार्क, चाओ फ्राया रिवर क्रूज और खरीदारी के लिए विख्यात इंदिरा मार्केट ले जाया जाएगा. 

आनंद उठाने का मौका

मलेशिया के कुआलालंपुर में पुत्राजया, मनोरम जेंटिंग हाइलैंड्स, वन-वे केबल कार राइड और पेट्रोनास ट्विन टावर्स के स्काई ब्रिज का अनुभव करेंगे. अंत में सिंगापुर में पर्यटकों को सिंगापुर फ्लायर, विश्व प्रसिद्ध नाइट सफारी, सेंटोसा आइलैंड, केबल कार, मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम और 'विंग्स ऑफ टाइम' शो जैसे प्रमुख आकर्षणों का आनंद उठाने का मौका मिलेगा.

पैकेज में मिलने वाली सुविधाएं और ठहराव

IRCTC पूरे सफर के दौरान यात्रियों को 3-स्टार या उसके समकक्ष कैटेगरी के होटलों में ठहराएगा. पटाया और बैंकॉक में दो-दो रातें, जबकि कुआलालंपुर और सिंगापुर में तीन-तीन रातें रुकने की व्यवस्था रहेगी. पैकेज शुल्क में वापसी की हवाई टिकटें, तीन सितारा होटल में ठहरना, तीनों समय का भोजन, स्थानीय परिवहन, ट्रैवल इंश्योरेंस और प्रवेश टिकटें शामिल हैं. सिंगापुर वीजा की प्रोसेसिंग फीस भी इसमें सम्मिलित है, जबकि थाईलैंड व मलेशिया के लिए नियमों के तहत जरूरी यात्रा औपचारिकताएं पूरी कराई जाएंगी.

कितना होगा प्रति व्यक्ति खर्च?

IRCTC ने इस पैकेज की दरें कमरे की ऑक्यूपेंसी के आधार पर तय की हैं:

  • डबल/ट्रिपल ऑक्यूपेंसी: ₹1,79,900 प्रति व्यक्ति.
  • सिंगल ऑक्यूपेंसी: ₹2,17,100 प्रति व्यक्ति.
  • बच्चों का किराया: 2 से 11 वर्ष तक के बच्चों के लिए अलग दरें लागू होंगी.
  • सभी दरों में जीएसटी शामिल है. जबकि सरकारी नियमानुसार लागू टीसीएस (TCS) अलग से देना होगा. यात्रियों के पास भारत वापसी की तारीख से कम से कम 6 महीने की वैधता वाला पासपोर्ट होना अनिवार्य है. बुकिंग IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कराई जा सकती है.
First Updated : Friday, 24 July 2026