हिमाचल प्रदेश के चंबा में बड़ा हादसा, चट्टान के नीचे दबी टाटा सूमो, 13 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले चंबा की पांगी घाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. किल्लार-उदयपुर मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से दरकी एक विशालकाय चट्टान चलती हुई टाटा सूमो गाड़ी पर आ गिरी.

हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले चंबा की पांगी घाटी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. किल्लार-उदयपुर मार्ग पर कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी से दरकी एक विशालकाय चट्टान (बूलडर) चलती हुई टाटा सूमो गाड़ी पर आ गिरी. इस हादसे में वाहन पूरी तरह कुचल गया और उसमें सवार सभी 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई.
विधायक ने की पुष्टि
भरमौर-पांगी क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में मौजूद सभी 13 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए.
संवेदनशील मार्ग पर भूस्खलन का खतरा
मलबे में तब्दील हो चुकी गाड़ी से शवों को बाहर निकालने और मार्ग को साफ करने का काम युद्धस्तर पर जारी है. बारिश के मौसम में इस संकरे और संवेदनशील पर्वतीय मार्ग पर भूस्खलन और चट्टान गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है.
13 यात्रियों की मौत
चंबा और लाहौल-स्पीति जिले की सीमा पर स्थित पांगी-उदयपुर मार्ग पर शुक्रवार को पहाड़ी से अचानक भारी-भरकम चट्टानें और मलबा एक चलती टाटा सूमो गाड़ी पर आ गिरा. इस भीषण हादसे में 13 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सभी मृतक चंबा जिले की पांगी घाटी के निवासी थे.
मलबे में तब्दील हुआ वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कड़ू नाला के पास हुआ. चट्टानों का प्रहार इतना प्रचंड था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे के नीचे बुरी तरह पिस गया. घटना के बाद सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरें दिल दहला देने वाली हैं, जिनमें गाड़ी पूरी तरह मलबे में तब्दील दिख रही है.
विधायक की अपील और नेटवर्क की समस्या
भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने हादसे की जानकारी साझा करते हुए दोनों जिलों के प्रशासन से जल्द राहत कार्य चलाने का आग्रह किया. डीसी चंबा मुकेश रेपसवा ने बताया कि क्षेत्र अत्यंत दुर्गम है और वहां मोबाइल सिग्नल न होने के कारण शुरुआती जानकारी जुटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी.
मौके पर पुलिस की टीम
प्रशासनिक रूप से यह क्षेत्र लाहौल-स्पीति जिले में आता है, जिसके चलते बीआरओ (BRO), स्थानीय पुलिस तथा चंबा से राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना किए गए हैं. दुर्गम भौगोलिक स्थिति के बावजूद युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.


