नई दिल्ली: अगर आप एक ही यात्रा में दक्षिण भारत के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं, तो यह आपके लिए बेहतरीन अवसर हो सकता है. आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं के लिए 'दक्षिण भारत यात्रा' नाम से एक विशेष टूर पैकेज शुरू किया है. भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से आयोजित इस यात्रा में तिरुपति बालाजी, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और श्रीशैलम स्थित मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. यह यात्रा 31 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 तक चलेगी. कुल 11 रात और 12 दिन के इस पैकेज की शुरुआती कीमत 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति तय की गई है.
यह विशेष भारत गौरव ट्रेन गोरखपुर से रवाना होगी. रास्ते में मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) और ललितपुर स्टेशन से भी यात्री इसमें सवार हो सकेंगे. इस सुविधा से उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों के श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने में आसानी होगी.
यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव रेनिगुंटा होगा. यहां से यात्रियों को सड़क मार्ग के जरिए तिरुपति ले जाया जाएगा. तिरुपति में दो रात ठहरने की व्यवस्था रहेगी, जिससे श्रद्धालु आराम से दर्शन कर सकें. इस दौरान तिरुपति बालाजी मंदिर के अलावा श्री कालहस्ती मंदिर और पद्मावती मंदिर के दर्शन भी कराए जाएंगे. हालांकि, तिरुमला मंदिर में विशेष दर्शन की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी.
तिरुपति के बाद ट्रेन रामेश्वरम पहुंचेगी. यहां श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे और रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी रहेगी. यदि किसी कारण से ट्रेन सीधे रामेश्वरम स्टेशन तक नहीं पहुंच पाती है, तो यात्रियों को कुदालनगर या मनामदुरई स्टेशन से बस के माध्यम से मंदिर तक ले जाया जाएगा. इसके बाद यात्रा मदुरै पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर में दर्शन कर सकेंगे.
यात्रा के अगले चरण में श्रद्धालु देश के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी पहुंचेंगे. यहां विवेकानंद रॉक मेमोरियल सहित कई प्रमुख स्थानीय पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा. इसके बाद ट्रेन मार्कापुर रोड स्टेशन पहुंचेगी. यहां से यात्रियों को बस द्वारा श्रीशैलम ले जाया जाएगा, जहां द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे. दर्शन के बाद वापसी का सफर शुरू होगा और 11 अगस्त 2026 को ट्रेन दोबारा गोरखपुर पहुंचेगी.
आईआरसीटीसी ने इस यात्रा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार किराया निर्धारित किया है. स्लीपर इकोनॉमी श्रेणी का किराया 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. वहीं 3एसी स्टैंडर्ड श्रेणी के लिए 39,100 रुपये और 2एसी कंफर्ट श्रेणी के लिए 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क तय किया गया है. बच्चों के लिए अलग किराया लागू रहेगा. यदि कोई यात्री अकेले बुकिंग कराता है, तो उसे डबल या ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर दूसरे यात्री के साथ कमरा साझा करना होगा.
इस टूर पैकेज में भारत गौरव ट्रेन से यात्रा, श्रेणी के अनुसार होटल में ठहरने की व्यवस्था, वॉश एंड चेंज सुविधा, सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन, ट्रैवल इंश्योरेंस, टूर एस्कॉर्ट और पूरे सफर के दौरान आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं. इसके अलावा पैकेज में सभी लागू टैक्स भी शामिल किए गए हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान अधिकांश व्यवस्थाओं की अलग से चिंता नहीं करनी पड़ेगी और वे आराम से धार्मिक स्थलों के दर्शन का आनंद ले सकेंगे. First Updated : Monday, 29 June 2026