जमशेदपुर के शालीमार मार्केट में दिनदहाड़े चाकूबाजी, रंगदारी मांगने का विरोध करने पर तीन लोग घायल

जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर रंगदारी विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक अक्सर शालीमार मार्केट की एक दुकान पर आता-जाता था. वहीं सोमवार को वह दुकानदारों से रंगदारी की मांग करने लगा.

Yashika Jandwani

रांची: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर रंगदारी विवाद के दौरान चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. इस दौरान हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और दुकानदारों की मदद से तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बता दें, घायलों की पहचान बाराद्वारी के मोहम्मडन लाइन निवासी मिनादुल हक, मो. ताजू और साकची लुका निवासी मो. अब्दुल मजिद के रूप में हुई है. फिलहाल तीनों का अस्पताल में इलाज जारी है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है. 

कब हुई ये घटना 

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक अक्सर शालीमार मार्केट की एक दुकान पर आता-जाता था. वहीं सोमवार को भी जब वह बाजार पहुंचा और कथित तौर पर दुकानदारों से रंगदारी की मांग करने लगा. जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई, तो विवाद बढ़ गया और इलाके में हड़कंप मच गया. आरोप है कि रंगदारी ने देने पर युवक ने जेब से चाकू निकालकर वहां मौजूद तीन लोगों पर हमला कर दिया. 

अचानक हुए इस हमले से बाजार में अफरातफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा. वहीं घटना के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस 

सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. इसके साथ ही पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. बता दें, शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

'बाजार में आकर बनाता था दबाव'

घायल मिनादुल हक का आरोप है कि आरोपी पहले भी बाजार में आकर दबाव बनाता था. इस बार उसने पैसों की मांग की और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद शालीमार मार्केट के व्यापारियों में दहशत का माहौल है. स्थानीय दुकानदारों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो