नीचे आइसक्रीम पार्लर, ऊपर चल रहा सेक्स रैकिट, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंद्रा मार्केट स्थित एक लॉज में छापा मारा है. पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंद्रा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं.

रायपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंद्रा मार्केट स्थित एक लॉज में छापा मारा है. बता दें, कोतवाली थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान तीन युवतियों और तीन पुरुषों को हिरासत में लिया है. बता दें, इस मामले में संचालक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
मुखबिर से मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंद्रा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिसके बाद सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज को चारों ओर से घेरकर तलाशी अभियान चलाया. जांच के दौरान पुलिस ने कई दस्तावेजों के साथ नकद राशि, मोबाइल फोन, बड़ी संख्या में कंडोम के पैकेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.
नीचे बनी थी आइसक्रीम की दुकान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस भवन में कार्रवाई की गई, उसके निचले हिस्से में आइसक्रीम पार्लर और मिठाई की दुकान संचालित होती थी, जबकि ऊपर बने लॉज में कथित रूप से देह व्यापार चलाया जा रहा था. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि यहां केवल पहचान वाले या पहले से संपर्क में रहने वाले ग्राहकों को ही प्रवेश दिया जाता था.
कार्रवाई के बाद पुलिस ने लॉज संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. इसके साथ ही पकड़े गए अन्य लोगों से भी अलग-अलग पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका थी.
दुर्ग की सीएसपी ने क्या कहा
दुर्ग के सीएसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद यह छापेमारी की गई. शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि लॉज लंबे समय से संचालित हो रहा था, जबकि कथित अवैध गतिविधियां पिछले कुछ महीनों से चल रही थीं. फिलहाल पुलिस बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


