Monsoon Shoe Care Tips: झमाझम बारिश में भी सूखे रहेंगे जूते, बस अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

देशभर में मानसून के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया है. लेकिन इस मौसम में बाहर निकलने वालों के लिए भीगते जूते-चप्पल बड़ी समस्या बन जाते हैं और गीले जूते पहनने से पैरों में बदबू, फंगल इंफेक्शन और त्वचा संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. ऐसे में आप कुछ आसान उपाय अपना सकते हैं.

calender

नई दिल्ली: देशभर में मानसून के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया है. इसी के साथ जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर रोजमर्रा की जिंदगी में कई नई परेशानियां भी सामने आ रही हैं. खासकर ऑफिस, कॉलेज या अन्य जरूरी कामों से बाहर निकलने वालों के लिए भीगते जूते-चप्पल बड़ी समस्या बन जाते हैं. वहीं लंबे समय तक गीले जूते पहनने से पैरों में बदबू, फंगल इंफेक्शन और त्वचा संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं. ऐसे में कुछ आसान उपाय अपनाकर आप जूते और पैरों को सुरक्षित रख सकते है. 

बाहर जाने से पहले रखे ये चीजें 

अगर आपको बारिश में बाहर निकलना पड़ता है, तो अपने बैग में एक या दो बड़े पॉलिथीन बैग जरूर रखें. अचानक बारिश शुरू होने पर जूतों को पॉलिथीन से ढकने से पानी और कीचड़ का असर काफी हद तक कम किया जा सकता है. यह आसान और कम खर्च वाला तरीका इमरजेंसी में काफी काम आता है. 

लेदर के जूते 

बारिश के मौसम में लेदर के जूते भी बेहतर ऑप्शन साबित हो सकते हैं, लेकिन उनकी सही देखभाल जरूरी है. जूते पहनने से पहले उन पर वॉटरप्रूफ स्प्रे या लेदर कंडीशनर लगाने से उनकी सतह पर सुरक्षा की एक परत बन जाती है, जिससे पानी का असर कम होता है. अगर लेदर के जूते भीग जाएं, तो उन्हें धूप, हीटर या आग के पास सुखाने की बजाय सामान्य तापमान पर अपने आप सूखने दें, क्योंकि तेज गर्मी से लेदर खराब हो सकता है.

वैक्स पॉलिश

जूते को पानी से बचाने के लिए वैक्स पॉलिश का इस्तेमाल भी फायदेमंद माना जाता है. सबसे पहले जूतों को अच्छी तरह साफ करें और अगर कहीं कट या छेद हो तो उसे ठीक कर लें. इसके बाद वैक्स पॉलिश लगाकर कुछ देर सूखने दें. इससे जूतों पर एक अतिरिक्त सुरक्षा परत बन जाती है, जो बारिश के पानी को अंदर जाने से काफी हद तक रोकती है. 

अगर जूते भीग ही जाएं, तो घर पहुंचते ही उनके अंदर अखबार भर दें. अखबार अतिरिक्त नमी को सोख लेता है और जूतों को जल्दी सूखने में मदद करता है. वहीं, हेयर ड्रायर या किसी अन्य तेज गर्मी वाले उपकरण से जूते सुखाने से बचें, क्योंकि इससे उनका आकार और गुणवत्ता खराब हो सकती है.

पैरों की देखभाल 

बारिश के मौसम में सिर्फ जूतों की ही नहीं, बल्कि पैरों की देखभाल भी बेहद जरूरी है. बाहर से लौटने के बाद पैरों को साफ पानी से धोकर अच्छी तरह सुखाएं. इसके साथ ही जरूरत महसूस होने पर एंटी-फंगल पाउडर का इस्तेमाल किया जा सकता है. इन छोटी-छोटी सावधानियों को अपनाकर मानसून में पैरों और जूतों दोनों को सुरक्षित रखा जा सकता है. First Updated : Thursday, 02 July 2026