नई दिल्ली: सर्दियों की शुरुआत होते ही अगर किसी एक मिठाई का नाम सबसे पहले लोगों की जुबान पर आता है, तो वह है गाजर का हलवा. घी की खुशबू, दूध की मलाई और इलायची की सौंधी महक से भरपूर यह मिठाई ठंड के मौसम में खास जगह बना लेती है. एक कटोरी गरमा-गरम गाजर का हलवा न सिर्फ स्वाद देता है, बल्कि सर्दियों का मजा भी दोगुना कर देता है.
खासतौर पर शादियों में परोसे जाने वाले गाजर के हलवे का स्वाद लोगों को लंबे समय तक याद रहता है. न ज्यादा मीठा, न ज्यादा सूखा, ऊपर से घी की हल्की परत और हर निवाले में शाही स्वाद यही इसकी पहचान होती है. अक्सर लोग सोचते हैं कि ऐसा हलवा सिर्फ हलवाई ही बना सकता है, लेकिन सच्चाई यह है कि सही तरीका अपनाकर वही शादी वाला स्वाद घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है.
शादी जैसा गाजर का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले 4 किलो ताजी और रसदार गाजर लें. इन्हें अच्छी तरह धोकर छील लें और फिर बारीक कद्दूकस कर लें. गाजर जितनी बारीक कद्दूकस होंगी, हलवा उतना ही मुलायम और स्मूद बनेगा.
अब एक बड़ी कड़ाही या पैन गैस पर रखें और उसमें एक सर्विंग स्पून घी डालें. घी गर्म होते ही कद्दूकस की हुई गाजर डाल दें. मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए गाजर को भूनें, ताकि वे जलें नहीं और अच्छे से पक जाएं. यही स्टेप हलवे की बेस तैयार करता है.
जब गाजर हल्की नरम हो जाएं, तब उसमें आधा लीटर फुल क्रीम दूध डालें. अच्छी तरह मिलाएं और मध्यम आंच पर पकाते रहें. दूध धीरे-धीरे गाजर में समा जाएगा और हलवे को क्रीमी व रिच टेक्सचर देगा.
अब इसमें 4 कप चीनी डालें. चीनी डालते ही हलवा थोड़ा ढीला हो जाएगा, इसलिए आंच तेज कर दें और लगातार चलाते रहें. इसके बाद इलायची पाउडर डालें, जिससे हलवे में खुशबू और स्वाद दोनों बढ़ जाएंगे.
अब 1 किलो मावा लें और उसे कद्दूकस कर लें. इसका आधा हिस्सा हलवे में डालकर अच्छे से मिला दें. हलवे को थोड़ी देर और भूनें, ताकि मावा पूरी तरह मिक्स हो जाए. इसके बाद 2 से 3 सर्विंग स्पून और घी डालें और हलवे को तब तक पकाएं, जब तक वह गाढ़ा और चमकदार न दिखने लगे.
अब ड्राई फ्रूट्स की तैयारी करें. एक अलग पैन में पहले खरबूजे के बीज सूखा भून लें. फिर उसी पैन में थोड़ा घी डालकर बाकी ड्राई फ्रूट्स भी हल्के से भूनें. इन्हें हल्का सा कूटकर हलवे में डालें और अच्छी तरह मिला लें.
अब गैस की आंच धीमी कर दें और हलवे को कुछ देर और पकने दें. इससे सभी फ्लेवर आपस में अच्छे से घुल-मिल जाएंगे. हलवा तैयार होने पर उसे एक ट्रे में निकाल लें और ऊपर से बचा हुआ कद्दूकस किया मावा डालें. हल्के हाथ से मसलकर मिक्स करें.
तैयार शादी जैसा गाजर का हलवा गरमा-गरम कटोरियों में परोसें और परिवार के साथ इसका आनंद लें. सर्दियों के मौसम में इससे बेहतर मिठाई शायद ही कोई और होता है.
First Updated : Tuesday, 23 December 2025