NEET UG 2026 Exam Cancelled Live Updates: पेपर लीक मामले के दोषियों को 10 साल की जेल, ₹1 करोड़ का जुर्माना
NEET UG 2026 रद्द होने के बाद 22 लाख से ज्यादा छात्रों पर इसका सीधा असर पड़ा है. पेपर लीक विवाद के बीच NTA ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है, जबकि मामले की जांच अब CBI को सौंप दी गई है.
NEET UG 2026 को लेकर देशभर में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. 3 मई को आयोजित हुई मेडिकल प्रवेश परीक्षा को NTA ने आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है. यह फैसला उस समय लिया गया जब पेपर लीक और “गेस पेपर” के जरिए असली सवाल बाहर आने के आरोप सामने आए. इस पूरे मामले ने 22 लाख से ज्यादा छात्रों और उनके परिवारों को चिंता में डाल दिया है.
जांच एजेंसियों की शुरुआती रिपोर्ट में संकेत मिले हैं कि परीक्षा की गोपनीयता से समझौता हुआ हो सकता है. राजस्थान में जांच के दौरान एक हस्तलिखित प्रश्नपत्र मिला, जिसके कई सवाल असली परीक्षा से मेल खाते बताए गए. इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और सरकार को CBI जांच के आदेश देने पड़े.
अब NTA ने साफ कर दिया है कि NEET UG 2026 दोबारा आयोजित किया जाएगा. दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को नया आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. मौजूदा उम्मीदवारों को ही री-एग्जाम में शामिल किया जाएगा. नई परीक्षा तारीख और अन्य जरूरी जानकारी जल्द जारी की जा सकती है.
15:48 PM (3 minutes ago )
NEET परीक्षा रद्द होने पर अशोक गहलोत ने उठाए सवाल
NEET UG परीक्षा रद्द किए जाने के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मामले की गहन जांच की मांग की है. NTA द्वारा परीक्षा रद्द करने के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “परीक्षा 3 तारीख को हुई थी और उसी दिन व 4 तारीख को छात्रों ने पेपर लीक की शिकायत की थी. फिर आखिर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई?”
15:33 PM (18 minutes ago )
पेपर लीक मामले के दोषियों को 10 साल की जेल, ₹1 करोड़ का जुर्माना
भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी एग्जाम में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और नकल माफिया के मामलों पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ लागू किया है. यह कानून फरवरी 2024 में संसद से पारित हुआ था और जून 2024 से इसके प्रावधान पूरे देश में प्रभावी कर दिए गए. इस कानून का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है, ताकि मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो.
नए प्रावधानों के तहत यदि कोई व्यक्ति परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करता है, उत्तर पुस्तिकाओं से छेड़छाड़ करता है या संगठित तरीके से परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोषी पाए जाने पर कम से कम 3 साल और अधिकतम 10 साल तक की जेल हो सकती है. इसके अलावा आरोपियों पर 10 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है. सरकार का कहना है कि इस कानून से पेपर लीक गिरोहों और परीक्षा माफिया पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी.
15:15 PM (36 minutes ago )
Exam Cancel होने के बाद बड़ी अपडेट! इस हफ्ते आ सकती हैं नई तारीखें
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब लाखों छात्रों की नजर नए एग्जाम शेड्यूल पर टिकी है. सूत्रों के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में री-एग्जाम की तारीखों का ऐलान हो सकता है. इस बार परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच आयोजित कराने की तैयारी चल रही है.
15:12 PM (39 minutes ago )
NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी
पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि NEET 2026 परीक्षा रद्द होने से 22 लाख से ज्यादा छात्रों के सपने टूट गए. राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही ने छात्रों की मेहनत और भविष्य दोनों को दांव पर लगा दिया.
15:10 PM (41 minutes ago )
CBI की एंट्री से मचा हड़कंप, देशभर में फैले नेटवर्क की जांच शुरू
NEET UG 2026 पेपर लीक मामला अब देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी CBI तक पहुंच गया है. परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र वायरल होने के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है. केंद्रीय एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं और पेपर लीक के पीछे शामिल लोगों की तलाश तेज कर दी गई है.
15:02 PM (49 minutes ago )
लाखों छात्रों का सवाल , अब आगे क्या होगा?
NEET UG 2026 रद्द होने के बाद लाखों छात्रों का गुस्सा सड़कों पर दिख रहा है. अभ्यर्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब परीक्षा कब होगी? क्या NTA जून में दोबारा एग्जाम कराएगा? वहीं CUET परीक्षा जारी होने से दोनों परीक्षाओं की तारीख टकराने की आशंका भी बढ़ गई है.
14:54 PM (56 minutes ago )
NEET घोटाले की जड़ें कितनी गहरी? राजस्थान से केरलम तक फैले रैकेट पर बड़ा खुलासा
NEET परीक्षा रद्द होने के बाद पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा सामने आया है. जांच एजेंसियों को शक है कि यह खेल कई राज्यों में फैले संगठित गिरोह ने चलाया. सूत्रों के मुताबिक पेपर 30 हजार से 28 लाख रुपये तक में बेचा गया और इसके तार राजस्थान, दिल्ली, नागौर व केरल तक जुड़े मिले हैं.
13:59 PM (2 hours ago )
महज नौ दिनों के भीतर विवादों में घिर गई NEET UG 2026 परीक्षा
NEET UG 2026 परीक्षा महज नौ दिनों के भीतर विवादों में घिर गई और आखिरकार ‘गेस पेपर’ विवाद के बाद इसे रद्द करना पड़ा. 3 मई को आयोजित परीक्षा शुरुआत में सामान्य और शांतिपूर्ण नजर आई थी, लेकिन 7 मई तक प्रश्नों की समानता को लेकर शिकायतें सामने आने लगीं.
मामला बढ़ते-बढ़ते केंद्रीय एजेंसियों तक पहुंच गया, जहां राजस्थान पुलिस ने 100 से अधिक सवालों के मेल खाने की जांच शुरू की. हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या बढ़ने और राजनीतिक दबाव तेज होने के बीच NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया, जिससे परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर नए सवाल खड़े हो गए.
13:57 PM (2 hours ago )
राजस्थान SOG ने अब तक 45 से ज्यादा लोगों को किया गिरफ्तार
राजस्थान में सामने आए NEET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. जांच एजेंसियों के अनुसार, मनीष यादव और अविनाश लांबा उस गिरोह को चला रहे थे, जिस पर NEET ‘गेस पेपर’ लीक कराने का आरोप है. इस मामले में राजस्थान एसओजी अब तक 45 से अधिक लोगों को हिरासत में ले चुकी है. जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क के साथ-साथ दूसरे राज्यों से जुड़े इसके संभावित लिंक की भी पड़ताल कर रही हैं.
13:53 PM (2 hours ago )
NEET-UG 2026 पेपर लीक पर FAIMA ने मांगी जवाबदेही
NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द किए जाने पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने ट्वीट कर कहा, “FAIMA इस पेपर लीक मामले में तत्काल जवाबदेही तय करने की मांग करता है. हम चुप नहीं बैठेंगे. उदाहरण पेश करने वाली सजा ही आगे का एकमात्र रास्ता है.”
On NEET-UG 2026 exam cancelled following paper leak allegations, Federation of All India Medical Association (FAIMA) tweets, "FAIMA demand immediate accountability for this paper leak. We will not stay silent. Exemplary punishment is the only way forward." pic.twitter.com/qsZteCkvO1
— ANI (@ANI) May 12, 2026
13:50 PM (2 hours ago )
री-एग्जाम के लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन की नही होगी जरूरत
री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों को दोबारा पंजीकरण कराने की आवश्यकता नहीं होगी. मौजूदा आवेदन डेटा का ही उपयोग किया जाएगा और छात्र अपनी पहले वाली जानकारी के आधार पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.
13:48 PM (2 hours ago )
NTA ने NEET UG परीक्षा रद्द करने का आधिकारिक नोटिस किया जारी
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने X पर एक आधिकारिक नोटिस जारी करते हुए NEET UG 2026 परीक्षा रद्द करने की पुष्टि की है.
In continuation of its press release dated 10 May 2026, the National Testing Agency wishes to inform candidates, parents, and members of the public of the following decisions taken in respect of NEET (UG) 2026. NTA had, on 8 May 2026, referred the matters then under consideration…
— National Testing Agency (@NTA_Exams) May 12, 2026


