होली के दिन राशि के अनुसार जपें ये मंत्र, मनोकामनाएं होंगी पूरी
4 मार्च की होली पर श्रद्धालु भगवान गणेश की पूजा कर राशि अनुसार विशेष मंत्रों का जप करें तो शुभ फल की प्राप्ति मानी गई है. ज्योतिष मान्यता के अनुसार सही मंत्र-जप से सुख, समृद्धि, व्यापार में उन्नति और मनोकामनाओं की पूर्ति संभव होती है.

वैदिक पंचांग के अनुसार आज, बुधवार को रंगों का पावन पर्व होली मनाया जाएगा. यह त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और उल्लास का प्रतीक है. इस दिन लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर बधाई देते हैं व घरों में तरह-तरह के पकवान और मिठाइयां बनाकर खुशियां साझा करते हैं.
धार्मिक दृष्टि से शुभ दिन होली
देश ही नहीं, विदेशों में भी होली का उत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है. वातावरण में रंगों की छटा और उमंग का विशेष माहौल देखने को मिलता है. धार्मिक दृष्टि से भी यह दिन अत्यंत शुभ माना गया है. प्रातःकाल स्नान और ध्यान के बाद लोग अपने आराध्य देव की विधिपूर्वक पूजा करते हैं.
मान्यता है कि इस अवसर पर देवताओं को गुलाल अर्पित करने से विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है. यदि कोई साधक भगवान गणेश की कृपा पाना चाहता है तो होली के दिन श्रद्धा और नियमपूर्वक उनकी उपासना करना लाभकारी माना गया है. ज्योतिष शास्त्र में राशि के अनुसार मंत्र जप का भी विशेष महत्व बताया गया है.
राशि अनुसार करें मंत्रों का जाप
मेष राशि के जातक शुभ कार्यों में सफलता के लिए ‘ॐ निर्विकाराय नमः’ मंत्र की एक माला जपें. वृषभ राशि वाले ‘ॐ निराहाराय नमः’ का जप कर सकते हैं. मिथुन राशि के लोगों को व्यापार में उन्नति हेतु ‘ॐ भद्राय नमः’ का जाप करना शुभ माना गया है. कर्क राशि के लिए ‘ॐ मुक्तिदाय नमः’ और सिंह राशि के लिए ‘ॐ जयफलप्रदाय नमः’ मंत्र फलदायी बताए गए हैं. कन्या राशि के जातक ‘ॐ अमर्त्याय नमः’ का जप करें, जबकि तुला राशि वाले ‘ॐ पुष्टिमते नमः’ का उच्चारण करें.
वृश्चिक राशि के लोग अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए ‘ॐ दुष्टदूराय नमः’ मंत्र जपें. धनु राशि के लिए ‘ॐ गुणप्रियाय नमः’ तथा मकर राशि के लिए ‘ॐ वीराय नमः’ लाभकारी माना गया है. कुंभ राशि के जातक आर्थिक स्थिरता हेतु ‘ॐ चंद्राय नमः’ का जप करें. मीन राशि वालों को ‘ॐ श्रीमते नमः’ मंत्र की पांच मालाएं जपने की सलाह दी जाती है.
इसके अतिरिक्त, व्यापार में प्रगति के इच्छुक लोग पूजा के दौरान भगवान गणेश को दूर्वा, मोदक और हरे और पीले रंग का गुलाल अर्पित करें. पूजा के बाद हरी सब्जियों, फल या अन्न का दान करना भी शुभ माना गया है. मान्यता है कि इस उपाय से बुध ग्रह प्रसन्न होते हैं और साधक को कार्यक्षेत्र में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं.


