आज है बुद्ध पूर्णिमा, भूलकर भी न करें ये गलतियां

आज बुद्ध पूर्णिमा पर गौतम बुद्ध की शिक्षाओं के अनुसार शांति, अहिंसा और सात्विक जीवन अपनाने का महत्व बताया गया है. इस दिन पूजा के साथ कुछ कार्यों जैसे मांसाहार, शराब, और अशुभ चीजों की खरीदसे बचने की सलाह दी जाती है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

Buddha Purnima 2026: 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा का पावन पर्व मनाया जाएगा, जिसे हिंदू और बौद्ध दोनों धर्मों में विशेष महत्व दिया जाता है. यह दिन गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण से जुड़ा माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उन्हें भगवान विष्णु का नौवां अवतार भी माना जाता है. इसलिए इस तिथि का महत्व और बढ़ जाता है. 

इस दिन श्रद्धालु पूजा-पाठ, ध्यान और दान-पुण्य के माध्यम से पुण्य अर्जित करते हैं, लेकिन ज्योतिष शास्त्र के अनुसार कुछ कार्यों से बचना भी जरूरी बताया गया है.

तुलसी के पत्ते तोड़ना अशुभ

मान्यता है कि तुलसी का पौधा माता लक्ष्मी का स्वरूप होता है. ऐसे में बुद्ध पूर्णिमा के दिन, विशेषकर शाम के समय तुलसी के पत्ते तोड़ना या उसे छूना शुभ नहीं माना जाता. ऐसा करने से पूजा का पूरा फल नहीं मिल पाता और घर की सकारात्मक ऊर्जा भी प्रभावित हो सकती है.

महिलाओं को बाल बांधकर रखने की सलाह

पूजा के दौरान विशेष रूप से महिलाओं को बाल बांधकर रखने की सलाह दी जाती है. खुले बालों को अस्थिरता और अशुद्धता का प्रतीक माना जाता है, जिससे ध्यान भटक सकता है और पूजा का प्रभाव कम हो सकता है. इसलिए इस दिन सादगी और संयम बनाए रखना महत्वपूर्ण माना जाता है.

बुद्ध पूर्णिमा अहिंसा, करुणा और सात्विक जीवन का प्रतीक है. इस कारण इस दिन मांसाहार और शराब का सेवन वर्जित माना गया है. ऐसा करने से नकारात्मकता बढ़ती है और यह भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के विपरीत समझा जाता है. इस दिन शुद्ध और सात्विक भोजन करना अधिक शुभ माना जाता है.

जीव को कष्ट देना अशुभ 

इसके अलावा, किसी भी जीव को कष्ट देना इस दिन बेहद अशुभ माना गया है. भगवान बुद्ध ने अहिंसा को जीवन का मूल सिद्धांत बताया था, इसलिए छोटे से छोटे प्राणी को भी नुकसान पहुंचाने से बचना चाहिए. ऐसा करने से व्यक्ति के पुण्य कर्मों में कमी आ सकती है.

वस्त्रों को लेकर विशेष सावधानियां

वस्त्रों को लेकर भी कुछ विशेष सावधानियां बताई गई हैं. इस दिन गंदे, पुराने या फटे कपड़े पहनने से बचना चाहिए. साफ-सुथरे और हल्के रंग के वस्त्र पहनना सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ाता है और वातावरण को पवित्र बनाए रखता है.

खरीदारी के मामले में भी संयम बरतने की सलाह दी जाती है. बुद्ध पूर्णिमा के दिन लोहे की वस्तुएं, चमड़े से बनी चीजें, धारदार सामान और काले रंग की वस्तुएं खरीदना शुभ नहीं माना जाता. इसके अलावा, घर में डरावनी या नकारात्मक भाव वाली तस्वीरें या मूर्तियां लाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे घर का माहौल प्रभावित हो सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो