Dickie Bird Death News : एशिया कप 2025 में बुधवार को भारत और बांग्लादेश के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले एक दुखद समाचार ने क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया है. मंगलवार को इंग्लैंड के प्रसिद्ध और बेहद सम्मानित अंपायर डिकी बर्ड का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. इस खबर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय और प्रशंसकों को गहरे शोक में डाल दिया है.
इंग्लैंड की काउंटी यॉर्कशर और ECB ने जताया शोक
डिकी बर्ड के निधन पर इंग्लैंड की प्रतिष्ठित काउंटी टीम यॉर्कशर ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें एक “राष्ट्रीय धरोहर” बताया है. वहीं इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भी शोक जताते हुए कहा कि डिकी बर्ड न केवल एक उत्कृष्ट अंपायर थे, बल्कि उन्होंने खेल भावना और इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी.
तीन वर्ल्ड कप फाइनल में संभाली थी अंपायरिंग
डिकी बर्ड का अंपायरिंग करियर बेहद शानदार रहा. उन्होंने 66 टेस्ट मैच और 76 वनडे इंटरनेशनल मैचों में अंपायरिंग की. सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि उन्होंने तीन क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल्स में अंपायर की भूमिका निभाई, जो किसी भी अंपायर के लिए बेहद गौरव की बात होती है. उनका अंपायरिंग करियर 1973 से शुरू होकर 1996 तक चला.
मैदान से लेकर दिलों तक का सफर
डिकी बर्ड का जन्म इंग्लैंड के बार्नसले में हुआ था. वे इंग्लैंड के महान बल्लेबाज़ ज्यॉफ्री बॉयकॉट और चर्चित पत्रकार सर माइकल पार्किंसन के साथ क्लब क्रिकेट भी खेल चुके थे. हालांकि, उन्हें क्रिकेट इतिहास में सबसे अधिक उनकी अंपायरिंग के लिए याद किया जाएगा. अपने समय में वे सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में अंपायरिंग करने वाले अंपायर भी रहे. 1996 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया और 1998 में यॉर्कशर और वार्विकशर के बीच खेले गए काउंटी मैच में आखिरी बार अंपायरिंग की.
First Updated : Tuesday, 23 September 2025