सूर्यकुमार यादव की दहाड़ से न्यूजीलैंड परेशान, फाइनल में बड़ा स्कोर बनाने के इरादे से उतरेगा भारत

सूर्यकुमार यादव ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले कहा कि टीम इंडिया पिच के अनुसार बल्लेबाजी करेगी और मौका मिला तो 250 रन तक का बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेगी.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि टीम इंडिया फाइनल में बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेगी और परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 250 रन तक पहुंचने का लक्ष्य भी रखा जा सकता है. 

पीसी में सूर्यकुमार ने क्या कहा?

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने टीम की सोच और तैयारी के बारे में खुलकर बात की. इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान सेंटनर ने मीडिया से बातचीत में भारतीय टीम को बेहद मजबूत बताया था. उन्होंने भारत की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों की तारीफ करते हुए कहा था कि टीम इंडिया किसी भी विरोधी के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती है. इसके जवाब में सूर्यकुमार यादव ने भी आत्मविश्वास दिखाते हुए संकेत दिया कि भारतीय टीम फाइनल में आक्रामक बल्लेबाजी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.

सूर्यकुमार ने कहा कि फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में टीम का लक्ष्य अच्छा स्कोर खड़ा करना रहेगा. उन्होंने बताया कि यदि टीम 250 रन तक पहुंचने में सफल होती है तो यह शानदार उपलब्धि होगी. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय टीम पहले से किसी तय स्कोर के साथ मैदान पर नहीं उतरती. टीम पिच और मैच की परिस्थितियों को देखकर अपनी रणनीति बनाती है. उनका कहना था कि विकेट कैसा व्यवहार करता है, उसी के आधार पर बल्लेबाज अपनी पारी को आगे बढ़ाते हैं.

भारतीय कप्तान ने यह भी कहा कि टीम का असली लक्ष्य मैच में अच्छा प्रदर्शन करना और जो भी स्कोर बने उसका सफलतापूर्वक बचाव करना है. उनके मुताबिक फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में संयम और सही फैसले बहुत अहम होते हैं. इसलिए टीम हर परिस्थिति के लिए खुद को तैयार रखेगी.

कप्तानी के अनुभव पर क्या बोले सूर्या?

अपने करियर और कप्तानी के अनुभव को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि इतने बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में भारत की कप्तानी करना उनके लिए बेहद खास पल है. उन्होंने बताया कि भारतीय टीम के साथ उनका करीब छह वर्षों का सफर रहा है और इस दौरान उन्हें कई यादगार अनुभव मिले हैं. उन्होंने कहा कि इस फाइनल को लेकर न केवल खिलाड़ी बल्कि कोचिंग स्टाफ और भारतीय फैंस भी काफी उत्साहित हैं.

मैच के दौरान ओस के संभावित असर पर भी सूर्यकुमार यादव ने अपनी राय रखी. उनका कहना था कि रात के मुकाबलों में ओस कई बार खेल का रुख बदल सकती है. ओस पड़ने पर बल्लेबाजों को थोड़ी राहत मिलती है क्योंकि गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जबकि गेंदबाजों के लिए गेंद को पकड़ना और नियंत्रण में रखना मुश्किल हो सकता है.

उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए रणनीति तैयार कर रहा है. सूर्यकुमार के मुताबिक परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, टीम इंडिया का लक्ष्य मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना और खिताब जीतने की पूरी कोशिश करना होगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag