Sports News: 14 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने थे। मैच खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाक खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। इस बात से पाकिस्तान भड़क उठा और सीधे आईसीसी का दरवाजा खटखटाने पहुंच गया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पीसीबी का कहना है कि रेफरी ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। उसने आईसीसी से मांग की है कि पाइक्रॉफ्ट को तुरंत एशिया कप से हटाया जाए।
पीसीबी ने अपनी शिकायत में कहा है कि रेफरी ने आईसीसी कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन किया। साथ ही वह एमसीसी के बनाए स्पिरिट ऑफ क्रिकेट के नियमों को बचाने में नाकाम रहे। इसी आधार पर पाकिस्तान ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी है।
अब सवाल यह है कि आईसीसी इस मामले में क्या रुख अपनाएगा। क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था के सामने यह शिकायत पहुंच चुकी है। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आईसीसी पाकिस्तान की मांग को स्वीकार करता है या नहीं।
पाकिस्तान के कुछ पूर्व क्रिकेटर भी इस मसले पर खुलकर सामने आए हैं। राशिद लतीफ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि भारतीय खिलाड़ियों की इस हरकत पर आईसीसी चुप क्यों है। वहीं बासित अली ने तो यहां तक कह दिया कि आईसीसी का झुकाव भारत की तरफ है।
इस पूरे विवाद के बीच मैच का नतीजा भी पाकिस्तान के लिए निराशाजनक रहा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया। पाकिस्तान ने 128 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने आसानी से 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
भारत-पाक क्रिकेट मैच हमेशा चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार हाथ नहीं मिलाने की घटना ने कड़वाहट और बढ़ा दी। पाकिस्तान को लगता है कि उसके साथ अन्याय हुआ है। अब देखना यह होगा कि आईसीसी का फैसला इस विवाद को शांत करता है या और भड़काता है। First Updated : Monday, 15 September 2025