T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की अनुपस्थिति का विवाद अब नया मोड़ ले चुका है. पहले बांग्लादेश सरकार ने भारत में मैच नहीं खेलने के फैसले में साफ-साफ कहा था कि हमारे खिलाड़ियों की सुरक्षा पहले है, लेकिन अब सरकार ने पलटकर सारा दोष बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और खिलाड़ियों पर डाल दिया है. दरअसल ये यू-टर्न खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने लिया है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है.
जनवरी के अंत में ढाका में खिलाड़ियों से मीटिंग के बाद आसिफ नजरुल ने कहा था कि भारत न जाने का फैसला सरकार ने लिया है. जिसके पीछे की वजह उन्होंने सुरक्षा की चिंता बताई.
बीसीबी ने आईसीसी से मांग की थी कि उनके मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने यह मांग ठुकरा दी. नजरुल ने तब साफ कहा था कि सरकार ने टीम को भारत नहीं भेजने का फैसला किया है.
हाल ही में नजरुल ने अपना पुराना बयान बदल दिया. उन्होंने कहा कि विश्व कप में हिस्सा न लेने का निर्णय बीसीबी और खिलाड़ियों ने खुद लिया था. सरकार का इसमें कोई हाथ नहीं था.
उन्होंने कहा, "इस फैसले में कोई अफसोस नहीं है. बीसीबी और खिलाड़ियों ने देश के क्रिकेट की सुरक्षा, लोगों की सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान की रक्षा के लिए बलिदान दिया." नजरुल ने सरकार पर किसी भी हस्तक्षेप से इनकार किया और कहा कि यह खिलाड़ियों व बोर्ड का अपना फैसला था.
बांग्लादेश के बहिष्कार के बाद आईसीसी ने उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया. स्कॉटलैंड अब ग्रुप में खेल रहा है. आईसीसी ने बीसीबी पर कोई सजा नहीं दी, लेकिन बांग्लादेश को बाहर कर दिया गया.
यह पूरा विवाद मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से रिलीज करने के बाद शुरू हुआ था, जिसके बाद बीसीबी ने सुरक्षा का हवाला देकर भारत में मैच न खेलने की बात कही. First Updated : Wednesday, 11 February 2026