'हम तुम्हें अंदर नहीं आने देंगे' CSK फैंस को लेकर विराट कोहली ने दिया चौंकाने वाला बयान, पुरानी प्रतिद्वंद्विता पर खुलकर बोले खिलाड़ी
आज RCB और CSK बीच इस सीजन का पहला भिड़ंत होने वाला है. मुकाबले से पहले विराट कोहली का एक बयान सामने आया है. उन्होंने आज CSK को लेकर पुरानी प्रतिद्वंद्विता पर खुलकर बात की है.

RCB vs CSK: आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच रोमांचक मुकाबला होने वाला है. मुकाबले से पहले दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली ने अपनी टीम और CSK के बीच की पुरानी प्रतिद्वंद्विता पर खुलकर अपनी राय रखी है. उन्होंने बताया कि बेंगलुरु के मैचों में मेहमान टीम के समर्थकों की मौजूदगी माहौल को कितना रोमांचक बना देती है.
जियोस्टार पर दिए एक इंटरव्यू में कोहली ने इस बात पर जोर दिया कि दोनों टीमों के बीच मुकाबला आईपीएल का सबसे मजेदार मैच क्यों बन जाता है.
चेन्नई में पीला समंदर, बेंगलुरु में अलग माहौल
विराट कोहली ने कहा कि सीएसके के खिलाफ बेंगलुरु में खेलना हमेशा से सबसे कठिन और रोमांचक रहा है. उन्होंने बताया, "चेन्नई में तो पूरा स्टेडियम पीले रंग में रंगा नजर आता है. ऐसा लगता है जैसे वे कह रहे हों 'हम तुम्हें अंदर नहीं आने देंगे'. वहां हर जगह सीएसके के ही प्रशंसक दिखाई देते हैं." दूसरी ओर, बेंगलुरु में आरसीबी के घरेलू मैचों में लोग मेहमान टीम का भी गर्मजोशी से स्वागत करते हैं, लेकिन सीएसके के समर्थक बड़ी संख्या में यात्रा करके पहुंचते हैं.
वे टिकट पहले ही खरीद लेते हैं और स्टेडियम के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर लेते है. इससे मैच के दौरान दोनों तरफ के प्रशंसकों के बीच शोर और नोकझोंक का अनोखा माहौल बन जाता है.
प्रतिद्वंद्विता क्यों रहती है दिलचस्प
कोहली की मानें तो सीएसके के प्रशंसक भारी तादाद में आकर मैच को और भी प्रतिस्पर्धी बना देते है. आरसीबी के अपने समर्थक ज्यादा यात्रा नहीं करते, लेकिन चेन्नई वाले हमेशा तैयार रहते हैं. इससे स्टेडियम में तनाव भरा माहौल बनता है, जो खिलाड़ियों के लिए सबसे यादगार होता है. कोहली ने कहा कि खेल भी इसी वजह से बेहद रोमांचक और कड़ा हो जाता है. यह प्रतिद्वंद्विता कई सालों से चली आ रही है.
दोनों टीमों के बीच के मैच हमेशा नाटकीय मोड़ लेते हैं और आईपीएल के सबसे प्रतीक्षित मुकाबलों में शुमार होते है. सीएसके के प्रशंसकों की इस यात्रा करने वाली संस्कृति ने मैच को सिर्फ क्रिकेट से आगे ले जाकर एक बड़ा उत्सव बना दिया है. स्टेडियम में पीला और लाल रंग, नारे और जोश देखकर लगता है कि मैदान पर दो नहीं बल्कि कई लड़ाइयां हो रही है.


