आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है. टीम के उभरते हुए बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में बल्लेबाजी करते समय उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था, जिसके बाद मेडिकल जांच में यह साफ हो गया कि वह बाकी सीजन में नहीं खेल पाएंगे. यह खबर टीम के लिए काफी निराशाजनक है, क्योंकि म्हात्रे इस सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे थे.
म्हात्रे के बाहर होने के बाद टीम मैनेजमेंट ने तुरंत उनका विकल्प तलाशते हुए तेज गेंदबाज आकाश मधवाल को टीम में शामिल किया है. यह फैसला थोड़ा चौंकाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि एक बल्लेबाज की जगह गेंदबाज को शामिल किया गया है. हालांकि, टीम संतुलन को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
आकाश मधवाल पहले भी आईपीएल में अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवा चुके हैं. वह मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं. अब तक खेले गए 17 आईपीएल मुकाबलों में उन्होंने 23 विकेट अपने नाम किए हैं. उनका सबसे यादगार प्रदर्शन आईपीएल 2023 के एलिमिनेटर मुकाबले में देखने को मिला था, जब उन्होंने लखनऊ के खिलाफ महज 3.3 ओवर में 5 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे. यह आंकड़ा प्लेऑफ में किसी अनकैप्ड खिलाड़ी द्वारा किया गया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जाता है, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था.
अगर उनके पिछले सीजन के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 2023 में 8 मैचों में 14 विकेट झटके थे, जबकि 2024 में 5 मैचों में 5 विकेट और 2025 में 4 मुकाबलों में 4 विकेट हासिल किए. मधवाल अपनी सटीक लाइन-लेंथ और खासकर डेथ ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में उनसे उम्मीद की जा रही है कि वह बचे हुए मुकाबलों में सीएसके के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं.
वहीं, आयुष म्हात्रे का बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान है. उन्होंने इस सीजन में सिर्फ 6 मैचों में दो अर्धशतक लगाकर टॉप ऑर्डर को मजबूती दी थी. लेकिन अब उन्हें पूरी तरह फिट होने में 6 से 12 हफ्ते का समय लग सकता है, जिससे उनका यह सीजन यहीं खत्म हो गया है. First Updated : Thursday, 23 April 2026