IPL 2026 में कुल कितने मैच? पूरा शेड्यूल कब आएगा, जानिए अब तक का लेटेस्ट अपडेट

BCCI ने विधानसभा चुनावों की तारीखों का इंतजार करते हुए IPL के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया था. ये रोमांचक मुकाबले 28 मार्च से 12 अप्रैल तक धमाल मचाएंगे. अब बाकी बचे हुए मैचों का पूरा कार्यक्रम टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले घोषित होगा.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

आईपीएल 2026 का नया सीजन अब बस कुछ दिनों में शुरू होने वाला है, लेकिन अभी तक पूरा शेड्यूल जारी नहीं हुआ है. बीसीसीआई ने कुछ दिन पहले केवल 28 मार्च से 12 अप्रैल तक के शुरुआती 20 मैचों का कार्यक्रम जारी किया था, जिसके बाद से फैंस बाकी मुकाबलों की तारीखों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इस सीजन में कुल मैचों की संख्या पहले की तरह 74 ही रहेगी और बचे हुए 54 मैचों का शेड्यूल सीजन शुरू होने से ठीक पहले यानी 26 मार्च तक सामने आ सकता है.

बीसीसीआई ने विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान का इंतजार करते हुए शुरुआती शेड्यूल सीमित रखा था. अब चुनाव कार्यक्रम घोषित हो चुका है, जिसमें तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों में वोटिंग के दिनों में संबंधित शहरों में मैच नहीं होंगे. रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि मैचों की संख्या बढ़ाने की अटकलें गलत साबित हुई हैं और टूर्नामेंट 74 मैचों के साथ ही पूरा होगा.

कितने मैच बाकी हैं और शेड्यूल कब आएगा?

पिछले दिनों यह चर्चा जोरों पर थी कि बीसीसीआई मैचों की संख्या बढ़ाकर 80 तक ले जा सकती है, लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2026 में अब केवल 54 मुकाबलों का शेड्यूल बाकी है और बोर्ड ने सभी फ्रेंचाइजी को सूचित कर दिया है कि यह कार्यक्रम 3-4 दिनों में फाइनल हो जाएगा. 26 मार्च तक पूरा शेड्यूल जारी होने की संभावना है.

चुनाव तारीखों के कारण मैचों में बदलाव

बीसीसीआई ने शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल इसलिए सीमित रखा था क्योंकि तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनावों की तारीखों का इंतजार था. अब इन राज्यों में वोटिंग की तारीखें घोषित हो चुकी हैं. 23 अप्रैल को चेन्नई, 23 और 29 अप्रैल को कोलकाता तथा 9 अप्रैल को गुवाहाटी में मैच आयोजित नहीं होंगे. सभी राज्यों में 29 मार्च तक वोटिंग पूरी हो जाएगी और 4 मई को मतगणना होगी, इसलिए इन तारीखों पर इन शहरों में कोई आईपीएल मैच नहीं होगा.

राजस्थान रॉयल्स के होम मैच कहां होंगे?

आने वाले शेड्यूल में सबसे ज्यादा ध्यान राजस्थान रॉयल्स के होम मैचों पर रहेगा. शुरुआती शेड्यूल में राजस्थान के तीन होम गेम असम के गुवाहाटी में निर्धारित हैं. अब सवाल यह है कि बचे हुए चार होम मैच भी गुवाहाटी में ही खेले जाएंगे या टीम को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेलने का मौका मिलेगा, या फिर किसी अन्य स्टेडियम को उनका बेस बनाया जाएगा.

टूर्नामेंट की शुरुआत और समापन

टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होगी और फाइनल 31 मई को खेला जाएगा. फैंस अब बचे हुए शेड्यूल का इंतजार कर रहे हैं, जो जल्द ही जारी होने वाला है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो