TMC सांसद ने ट्रॉफी लेकर हनुमान मंदिर जाने पर उठाए थे सवाल, अब ईशान किशन ने शांत तरीके से दिया जवाब
टी20 वर्ल्ड कप जीतर अपने घर लौटे टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन का पटना एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया. मीडिया से बातचीत के दौरान कीर्ति आजाद के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और पूरा फोकस भारतीय टीम की जीत पर रखा.

बिहार : भारतीय टीम की ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप जीत के नायक ईशान किशन मंगलवार को जब पटना की धरती पर उतरे. तो वहां का नजारा देखते ही बनता था. ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया. इसी बीच मीडिया के तीखे सवालों का सामना करते हुए ईशान ने अपनी परिपक्वता का परिचय दिया. उन्होंने पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद द्वारा उठाए गए मंदिर दर्शन विवाद पर सधे हुए शब्दों में अपनी बात रखी. ईशान का यह रुख अब सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है.
कीर्ति आजाद का विवादित बयान
दरअसल, वर्ल्ड कप फाइनल जीतने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और जय शाह स्टेडियम के पास एक हनुमान मंदिर में माथा टेकने गए थे. इसका वीडियो वायरल होने पर टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने नाराजगी जताई. उन्होंने इसे 'शर्मनाक' करार देते हुए कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों की साझी जीत है और खेल को किसी खास धर्म से नहीं जोड़ना चाहिए.
ईशान किशन की गरिमापूर्ण प्रतिक्रिया
जब पटना में पत्रकारों ने ईशान से इस कड़वाहट भरे बयान पर सवाल किया. तो उन्होंने विवाद में पड़ने के बजाय बहुत सकारात्मक उत्तर दिया. उन्होंने कहा कि इतने बड़े टूर्नामेंट की जीत के बाद केवल अच्छे और खेल केंद्रित सवाल पूछे जाने चाहिए. ईशान ने बड़ी ही विनम्रता से पत्रकार को टोकते हुए कहा कि कीर्ति आजाद की व्यक्तिगत राय पर वे कुछ नहीं कहना चाहते. बल्कि वे चाहते हैं कि पूरा देश इस महान जीत का उत्सव एक साथ मिलकर मनाए. उन्होंने शालीनता से अपनी बात को विराम दिया.
#WATCH | Patna, Bihar | On India's ICCT20WorldCup2026 win, Indian cricketer Ishan Kishan says, "It is a great thing for the entire nation and we hope that we play and win the same way in the future as well... I try that more players get inspired to advance ahead..."
On former… pic.twitter.com/MfBmqyvMfY
— ANI (@ANI) March 10, 2026
टूर्नामेंट में ईशान का आक्रामक खेल
इस विश्व कप के दौरान ईशान किशन का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा. उन्होंने 9 मैचों में 35.22 की औसत से कुल 317 रन बटोरे. उनका 193.29 का स्ट्राइक रेट विपक्षी टीमों के लिए काल साबित हुआ. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में तीन शानदार अर्धशतक लगाए. विशेषकर पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेली गई उनकी 77 रनों की साहसी पारी ने भारतीय टीम को एक असंभव सी दिखने वाली जीत दिलाई थी. उनके इस जुझारू खेल ने भारत के फाइनल के सफर को बहुत अधिक आसान बना दिया था.
फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ तबाही
न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए महामुकाबले में ईशान ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उन्होंने मात्र 25 गेंदों पर 54 रनों की विध्वंसक पारी खेली. जिससे भारत ने 255/5 का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया. यह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है. ईशान की विस्फोटक बल्लेबाजी ने कीवी गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी और भारतीय टीम को एक बेहद मजबूत स्थिति में खड़ा कर दिया. इस पारी ने उनके करियर में एक नया अध्याय जोड़ दिया है जिसे आज पूरी दुनिया सराह रही है.
भारत ने 96 रनों से रौंदकर खिताब जीता
भारतीय टीम ने अंततः न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर खिताब पर कब्जा जमा लिया. पटना में अपने प्रशंसकों के बीच ईशान ने कहा कि यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने युवाओं को खेल के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया. अपनी मेहनत और धैर्य के दम पर ईशान ने साबित कर दिया है कि वे भविष्य में भारतीय क्रिकेट के एक बड़े स्तंभ बनने वाले हैं. पटना की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब इस बात का गवाह है कि ईशान किशन अब केवल एक खिलाड़ी नहीं. बल्कि करोड़ों की प्रेरणा बन चुके हैं.


