नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस रविवार, 26 अप्रैल को भड़क गए जब MS धोनी ने IPL 2026 का लगातार 8वां मैच मिस कर दिया। चेपॉक में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हुए मुकाबले में धोनी टीम में नहीं थे। फ्रेंचाइजी या कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की तरफ से कोई साफ जानकारी नहीं मिलने से फैंस नाराज हो गए। सोशल मीडिया पर धोनी के रिटायरमेंट की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
आपको बताते चलें कि शुरुआत में माना जा रहा था कि धोनी टूर्नामेंट के पहले दो हफ्ते बाहर रहेंगे। लेकिन अब यह गैप काफी लंबा खिंच चुका है। धोनी CSK के ट्रेनिंग सेशन में नजर आ रहे हैं। बैटिंग कोच माइकल हसी ने बताया कि पूर्व भारतीय कप्तान की रिकवरी अच्छी चल रही है।
टीम चाहती है कि वे 100 फीसदी फिट होकर ही मैदान पर उतरें। टॉस से करीब आधा घंटा पहले ही चर्चा शुरू हो गई थी कि धोनी टीम बस में नहीं हैं। चेपॉक के लिए निकली बस में 'थाला' नहीं दिखे और बाद में यही सच साबित हुआ।
गौरतलब है कि टॉस के दौरान चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी को लेकर कुछ नहीं कहा। इससे सीएसके फैंस और भी ज्यादा निराश हो गए। कई फैंस ने CSK और धोनी से अपील की कि उनके जज्बातों के साथ न खेलें।
कुछ फैंस का मानना है कि धोनी ने चुपचाप टीम से रिटायरमेंट ले लिया है। अब वे सिर्फ मेंटर की भूमिका में हैं। ऐसे में टूर्नामेंट के बचे हुए मैचों में उनके खेलने की उम्मीद कम है। फैंस फ्रेंचाइजी से साफ जानकारी मांग रहे हैं।
उनका कहना है कि अगर धोनी नहीं खेल रहे तो टीम को खुलकर बताना चाहिए। चुप्पी से अटकलें और बढ़ रही हैं। चेपॉक में धोनी को न देखकर स्टेडियम में भी मायूसी दिखी। 'थाला' के बिना CSK अधूरी लगती है, ये फैंस की भावना है।
संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, अकील होसेन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह। इंपैक्ट प्लेयर:- रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट और सरफराज खान। First Updated : Sunday, 26 April 2026