IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स (DC) के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को पंजाब किंग्स के खिलाफ IPL 2026 मैच के दौरान सिर में जोरदार चोट लगी थी. मैच के बाद DC के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेणुगोपाल राव ने खिलाड़ी की हालत पर बड़ा अपडेट दिया है. राव ने बताया कि एनगिडी की सिर की चोट गंभीर नही है. फिर भी एहतियात बरतते हुए उन्हें एंबुलेंस से करोल बाग के मैक्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पंजाब किंग्स की पारी के तीसरे ओवर में एनगिडी मिड-ऑफ पर प्रियांश आर्य का कैच पकड़ने की कोशिश में पीछे की तरफ गिर पड़े. उनका सिर मैदान पर जोर से टकराया. इसके बाद वे तुरंत सिर पकड़कर जमीन पर लेट गए.
मेडिकल टीम तुरंत मैदान पर पहुंची और 15 मिनट तक खेल रोकना पड़ा. एनगिडी को स्ट्रेचर पर लिटाकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया. उस समय खिलाड़ी, कोच और स्टाफ के चेहरे पर चिंता साफ दिख रही थी.
मैच खत्म होने के बाद वेणुगोपाल राव ने कहा, “मुझे लगता है कि ये चोट गंभीर नहीं है. एनगिडी अभी अस्पताल में हैं. हम आगे की अपडेट देंगे, लेकिन कुछ सीरियस नहीं है.”
उन्होंने खिलाड़ी की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा, “सबसे पहले खिलाड़ी की सेफ्टी जरूरी है. हम क्रिकेट खेलते हैं, लेकिन सुरक्षा हमेशा पहले आती है.” एनगिडी के चोटिल होने के कारण दिल्ली कैपिटल्स को 264 रनों का बड़ा स्कोर डिफेंड करने में मुश्किल हुई. टीम को चार ओवर और 24 गेंदें कम मिली, जिसका असर मैच पर पड़ा.
राव ने कंकशन सब्स्टीट्यूट को लेकर हुई भ्रम की स्थिति पर भी स्पष्टीकरण दिया. उन्होंने बताया कि नियम के अनुसार सिर्फ चार विदेशी खिलाड़ी ही खेल सकते हैं. इसी वजह से पहले दुष्मंथा चमीरा का नाम आने के बाद बाद में विपराज निगम को टीम में शामिल किया गया.
पंजाब किंग्स के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भी एनगिडी की चोट पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि सिर की चोट हमेशा खतरनाक होती है. चहल ने उम्मीद जताई कि एनगिडी जल्द ठीक होकर मैदान पर वापस आएंगे.
राव ने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क 1 मई से दिल्ली कैपिटल्स के लिए उपलब्ध होंगे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रिपोर्ट दे दी है. टीम अब कॉम्बिनेशन देखकर फैसला करेगी. First Updated : Sunday, 26 April 2026