नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में 25 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में रनों की बारिश हुई। पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 265 रन का टारगेट 18.5 ओवर में ही चेज कर आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज पूरा कर दिया। पंजाब ने 7 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से मैच जीतकर इतिहास रच दिया। मैच में कुल मिलाकर 152 रन बने।
आपको बताते चलें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए DC ने 264/3 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। केएल राहुल ने सिर्फ 67 गेंदों में नाबाद 152 रन ठोक दिए। वहीं नीतीश राणा ने भी 44 गेंदों में 91 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। दोनों के बीच 220 रन की साझेदारी हुई, जो आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। इसी के साथ दिल्ली ने 2026 सीजन का सबसे बड़ा टीम स्कोर बना दिया।
पारी की शुरुआत में दिल्ली थोड़ी लड़खड़ाई। तीसरे ओवर में स्कोर 35/1 था। इसी ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर शशांक सिंह ने राहुल का आसान कैच टपका दिया। अर्शदीप ने उसी ओवर में पथुम निसांका को आउट कर दिया, लेकिन राहुल को मिले जीवनदान की कीमत पंजाब को चुकानी पड़ी। पावरप्ले के बाद स्कोर 68/1 था। नीतीश राणा ने आते ही मार्को जानसेन पर लगातार चौके जड़कर हमला बोल दिया।
मुकाबले में केएल राहुल और नीतीश राणा ने चहल की स्पिन को आसानी से खेला। राहुल ने 26 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। 12वें ओवर में राणा ने ज़ेवियर बार्टलेट पर 28 रन कूट दिए। इसमें कई चौके और डीप एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से एक लंबा छक्का शामिल था। राणा ने 29 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
14वें ओवर में राहुल ने अर्शदीप को निशाना बनाया और 20 रन बटोरकर स्कोर 173/1 पहुंचा दिया। 15वें ओवर में जानसेन पर चौका लगाकर राहुल ने 47 गेंदों में IPL करियर का छठा शतक पूरा किया। 16वें ओवर में विजयकुमार वैशाक के ओवर में 24 रन आए और दिल्ली 200 के पार पहुंच गई।
गौरतलब है कि 265 के जवाब में प्रभसिमरन सिंह (26 बॉल में 76 रन) और श्रेयस अय्यर (36 बॉल में 71 रन) ने तूफानी शुरुआत की। दोनों के अर्धशतकों ने पंजाब को 18.5 ओवर में ही जीत दिला दी। राहुल की 152 रन की ऐतिहासिक पारी भी दिल्ली को नहीं बचा पाई। डीसी अब 27 अप्रैल को आरसीबी से भिड़ेगी, जबकि पीबीकेएस का अगला मैच 28 अप्रैल को राजस्थान के खिलाफ है। First Updated : Saturday, 25 April 2026