T20 World Cup 2026: कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ एक ऐसा वाकया हुआ है, जिसने सोशल मीडिया पर हंसी-मजाक का तूफान ला दिया है. एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी खिलाड़ी बस से उतरते हुए दिख रहे हैं और आसपास का माहौल ऐसा लग रहा है जैसे कोई पुरानी फैक्ट्री या इंडस्ट्रियल एरिया हो. फैंस इसे देखकर कह रहे हैं कि ये तो सीमेंट फैक्ट्री जैसी जगह है, जहां खिलाड़ी मजदूरों की तरह दिख रहे हैं.
सोशल मीडिया पर फैले इस क्लिप में बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, सलमान आगा और अन्य खिलाड़ी टीम बस से नीचे उतरते हैं. चारों तरफ धूल-मिट्टी भरी सड़कें, पुरानी-खस्ता इमारतें और औद्योगिक जैसा बैकग्राउंड नजर आ रहा है. कई यूजर्स ने मजाक उड़ाते हुए लिखा कि श्रीलंका और आईसीसी ने पाक टीम को 'सीमेंट फैक्ट्री जैसी सुविधा' दी है.
कुछ ने तो कहा कि खिलाड़ी प्रैक्टिस से लौटकर मजदूरों की तरह थके-हारे लग रहे हैं. हालांकि, ये वीडियो प्रैक्टिस ग्राउंड का है या होटल के आसपास का, इसकी पूरी पुष्टि नहीं हुई है. कई लोग दावा कर रहे हैं कि ये स्टेडियम के किसी एंट्रेंस या बैक साइड का हिस्सा हो सकता है, लेकिन वायरल होने के बाद पाक टीम की बेइज्जती का सिलसिला थम नहीं रहा.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा के नाम पर टी20 वर्ल्ड कप में भारत आने से मना कर दिया था. इसलिए उनकी टीम के सभी मैच श्रीलंका के कोलंबो में शिफ्ट हो गए. पहले तो पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी का मैच भी नहीं खेलने की बात कही थी, लेकिन आईसीसी से बातचीत के बाद फैसला बदल लिया और अब वो मुकाबला खेलेंगे. ऐसे में कोलंबो में टीम की ये हालत देख फैंस मजाक उड़ा रहे हैं कि 'भारत नहीं आए तो ये सजा मिली'.
पाक टीम ने टूर्नामेंट का पहला मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ जीता था. अब उनका दूसरा मुकाबला 10 फरवरी को अमेरिका से है. याद रहे कि 2024 टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर बड़ा उलटफेर किया था.
इस बार पाक टीम उस हार का बदला लेना चाहेगी और यूएसए को हल्के में नहीं ले सकती. लेकिन फिलहाल सुविधाओं को लेकर वायरल वीडियो ने टीम के फोकस से ज्यादा ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. First Updated : Tuesday, 10 February 2026