IND vs NZ: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच बस कुछ ही देर में शुरू होने वाला है. मैच शुरू होने से पहले एक बड़ी जानकारी सामने आई है कि भारतीय टीम इस बड़े मैच में अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं करेगी.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ जिस 11 खिलाड़ियों के साथ उतरी थी, वही कॉम्बिनेशन फाइनल में भी मैदान पर नजर आएगा.
फाइनल से पहले कई विशेषज्ञ और फैंस वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को बाहर करने की बात कर रहे थे. वरुण चक्रवर्ती सुपर 8 के बाद से महंगे साबित हो रहे हैं और उनकी गेंदबाजी पर सवाल उठ रहे थे. कई लोग कुलदीप यादव को टीम में लाने की मांग कर रहे थे. वहीं अभिषेक शर्मा भी लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 55 रन की पारी खेली थी, लेकिन अन्य मैचों में वे जल्दी आउट हो गए.
फिर भी टीम मैनेजमेंट ने फैसला लिया है कि जीतने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं होगा. विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, डिफेंडिंग चैंपियन भारत बिना किसी तब्दीली के फाइनल में उतरेगी. यह फैसला टीम के मौजूदा जोश और संतुलन को बनाए रखने के लिए लिया गया है.
वरुण चक्रवर्ती ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत की थी और वे विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शीर्ष पर थे. उन्होंने अब तक 13 विकेट चटकाए हैं, लेकिन सुपर 8 के बाद उनकी इकोनॉमी ज्यादा रही है. कई मैचों में टीम की बॉलिंग जसप्रीत बुमराह पर निर्भर हो गई थी.
मैच से पहले वैकल्पिक प्रैक्टिस में वरुण और कुलदीप दोनों ने गेंदबाजी की, लेकिन वरुण थोड़ी देर बाद हट गए थे. इससे बदलाव की अटकलें लगी, लेकिन टीम ने पुराने प्लान पर भरोसा जताया.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह. First Updated : Sunday, 08 March 2026