IND vs WI 1st Test: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को एक पारी और 140 रन से मात दी. यह भारत की वेस्टइंडीज पर तीसरी सबसे बड़ी पारी से जीत रही. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने तीन दिनों के भीतर ही मुकाबले को अपने नाम कर लिया.
भारत की ओर से केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और रविंद्र जडेजा ने शानदार शतक जड़े, जबकि मोहम्मद सिराज ने गेंदबाजी में कमाल दिखाते हुए 7 विकेट झटके. भारत ने अपनी पहली पारी 448/5 पर घोषित की थी, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 162 और 146 रन पर ढेर हो गई.
नए कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सीरीज की शुरुआत दमदार जीत से की. अहमदाबाद टेस्ट में भारत ने खेल के सभी विभागों में अपना दबदबा दिखाया. बल्लेबाजी में राहुल, जुरेल और जडेजा ने सधी हुई पारियां खेलीं, जबकि गेंदबाजों ने विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया.
वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में सिर्फ 162 रन बना सकी. इसके बाद भारत ने अपनी पारी 448/5 पर घोषित कर दी, जिससे उसे 286 रनों की विशाल बढ़त मिली. दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की हालत और भी खराब रही. टीम 45.1 ओवरों में 146 रन पर सिमट गई.
मोहम्मद सिराज ने कुल 7 विकेट लिए, जबकि रविंद्र जडेजा ने दूसरी पारी में 4 विकेट झटके. जडेजा ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार योगदान दिया.
भारतीय फील्डरों ने इस मैच में कई बेहतरीन कैच पकड़े. नितीश कुमार रेड्डी ने तगनरीन चंद्रपॉल का शॉट पकड़ने के लिए स्क्वायर लेग पर शानदार डाइव लगाई. इस कैच ने वेस्टइंडीज की उम्मीदों को खत्म कर दिया और टीम पूरी तरह दबाव में आ गई.
वेस्टइंडीज 2002 के बाद से भारत को टेस्ट में मात नहीं दे पाया है. पिछले 25 टेस्ट मुकाबलों में कैरेबियाई टीम को एक भी जीत नसीब नहीं हुई है. अहमदाबाद टेस्ट में भी उनकी बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह लड़खड़ा गई.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट 10 अक्टूबर से नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. टीम इंडिया सीरीज पर कब्जा करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. First Updated : Saturday, 04 October 2025