भारतीय हॉकी के 100 साल: वो 10 ऐतिहासिक जीतें जिन्होंने बनाया भारत को हॉकी का बादशाह
भारतीय हॉकी का सफर साल 1925 में शुरू हुआ था. अब भारतीय हॉकी के 100 साल पूरे हो गए हैं. इस दौरान भारत ने ओलंपिक में लगातार 6 गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा.

भारतीय हॉकी का शानदार सफर वर्ष 1925 में शुरू हुआ था, जब ग्वालियर में इंडियन हॉकी फेडरेशन (IHF) की स्थापना हुई. अगले ही साल भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड का दौरा किया, जहां मेजर ध्यानचंद ने अपने अद्भुत खेल से सभी का ध्यान खींचा.
100 वर्षों में ओलंपिक में 13 पदक
पिछले 100 वर्षों में भारत ने ओलंपिक में 13 पदक (8 स्वर्ण, 1 रजत और 4 कांस्य) जीतकर विश्व हॉकी में अपनी बादशाहत कायम रखी. आइए जानते हैं भारत की उन 10 ऐतिहासिक जीतों के बारे में, जिन्होंने इतिहास रचा.
1. एम्स्टर्डम ओलंपिक (1928) – पहला गोल्ड मेडल
हॉकी की अंतरराष्ट्रीय यात्रा के तीन साल बाद ही भारत ने एम्स्टर्डम ओलंपिक में नीदरलैंड को 3-0 से हराकर पहला स्वर्ण जीता. पूरे टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ एक भी गोल नहीं हुआ.
2. लॉस एंजिल्स ओलंपिक (1932) – रिकॉर्ड जीत
चार साल बाद भारत ने अमेरिका को 24-1 से हराकर लगातार दूसरा गोल्ड जीता. ध्यानचंद ने 8 और रूप सिंह ने 10 गोल दागे. यह जीत आज भी हॉकी इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में गिनी जाती है.
3. बर्लिन ओलंपिक (1936) – गोल्ड की हैट्रिक
मेजर ध्यानचंद की कप्तानी में भारत ने जर्मनी को 8-1 से हराकर तीसरा लगातार स्वर्ण जीता और दुनिया को दिखा दिया कि हॉकी का असली बादशाह भारत है.
4. लंदन ओलंपिक (1948) – आज़ाद भारत का पहला स्वर्ण
आज़ादी के एक साल बाद भारत ने ब्रिटेन को 4-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. यह जीत भारतीय खेल इतिहास का गर्व का क्षण बनी.
5. हेलसिंकी ओलंपिक (1952) – लगातार पांचवां गोल्ड
भारत ने नीदरलैंड को 6-1 से हराया. बलबीर सिंह सीनियर ने अकेले 5 गोल दागे, जो आज भी एक रिकॉर्ड है.
6. मेलबर्न ओलंपिक (1956) – पाकिस्तान पर जीत
पहली बार भारत और पाकिस्तान फाइनल में आमने-सामने आए, जहां भारत ने 1-0 से जीत दर्ज कर लगातार छठा स्वर्ण जीता.
7. टोक्यो ओलंपिक (1964) – हार का बदला
1960 के ओलंपिक में मिली हार का बदला भारत ने टोक्यो में लिया, फाइनल में पाकिस्तान को 1-0 से हराकर सातवां गोल्ड जीता.
8. हॉकी वर्ल्ड कप (1975) – भारत का एकमात्र खिताब
कुआलालंपुर में भारत ने पाकिस्तान को हराकर पहली और अब तक की एकमात्र विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की.
9. मॉस्को ओलंपिक (1980) – आखिरी स्वर्ण पदक
14 साल के अंतराल के बाद भारत ने स्पेन को 4-3 से हराकर अपना आठवां ओलंपिक स्वर्ण जीता.
10. टोक्यो ओलंपिक (2021) – 41 साल बाद कांस्य पदक
लंबे इंतजार के बाद भारत ने जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य जीता. इसके बाद पेरिस 2024 में भी टीम इंडिया ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया.


