IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स को 10 बार हराया है, जो कि किसी भी टीम के लिए किसी एक मैदान पर एक विरोधी के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत है. इससे पहले यह रिकॉर्ड केकेआर के नाम था, जिन्होंने इडन गार्डन पर पंजाब किंग्स को नौ बार हराया था. मुंबई ने आरसीबी को भी अपने घर और चिन्नास्वामी स्टेडियम में 8-8 से हराया है. इस रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए मुंबई इंडियंस का यह प्रदर्शन एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ.
मुंबई इंडियंस के खिलाफ केकेआर की यह हार इस फ्रेंचाइजी के लिए एक विशेष पल भी है, क्योंकि यह जीत मुंबई की केकेआर के खिलाफ आईपीएल इतिहास की 24वीं जीत थी. इस तरह, मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में किसी भी टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड अपने नाम किया. इस सूची में चेन्नई सुपर किंग्स 21 जीत के साथ दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने RCB को 21 बार हराया है. वहीं, केकेआर ने भी पंजाब किंग्स को 21 बार हराया है.
इस मुकाबले में मुंबई के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने भी एक खास उपलब्धि हासिल की. उन्होंने मैच के दौरान नौ गेंदों में नाबाद 27 रन बनाये, जिसके साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में 8000 रन का आंकड़ा पार किया. सूर्यकुमार यादव अब टी20 क्रिकेट में 8000 रन बनाने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन और सुरेश रैना इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं.
1. विराट कोहली – 12,976 रन
2. रोहित शर्मा – 11,851 रन
3. शिखर धवन – 9,797 रन
4. सुरेश रैना – 8,654 रन
5. सूर्यकुमार यादव – 8,007 रन
इस शानदार जीत और सूर्यकुमार यादव की उपलब्धि ने मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों को खुश कर दिया और टीम के लिए आईपीएल 2025 के अभियान को मजबूत शुरुआत दी. First Updated : Tuesday, 01 April 2025