गिल का तूफान, राशिद का कहर; गुजरात ने राजस्थान को घर में घुसकर हराया
मैच में 230 रन का पीछा राजस्थान के लिए शुरू से ही मुश्किल था। राशिद खान ने तो रॉयल्स को संभलने का मौका ही नहीं दिया। राशिद ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके। उन्होंने मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी और मैच वहीं खत्म कर दिया।

नई दिल्ली: 9 मई 2026 को सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराकर प्लेऑफ की तरफ बड़ा कदम बढ़ा दिया। शुभमन गिल की तूफानी पारी और राशिद खान की जादुई गेंदबाजी के आगे राजस्थान की टीम कहीं टिक ही नहीं पाई।
230 रनों के पहाड़ के आगे पस्त हुई राजस्थान की पारी
मैच में 230 रन का पीछा राजस्थान के लिए शुरू से ही मुश्किल था। राशिद खान ने तो रॉयल्स को संभलने का मौका ही नहीं दिया। राशिद ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके। उन्होंने मिडिल ऑर्डर की कमर तोड़ दी और मैच वहीं खत्म कर दिया।
जेसन होल्डर ने भी 3 विकेट लेकर राशिद का पूरा साथ दिया। शुरुआत में ही मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद राजस्थान कभी मैच में लौट ही नहीं पाई।
गुजरात ने बनाया सीजन का सबसे बड़ा स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटन्स ने 20 ओवर में 229/4 का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। यह आईपीएल 2026 में उनका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले टीम का हाईएस्ट 210 रन था। जीटी की पारी के आखिरी ओवर में 21 रन बनाकर टीम ने स्कोर को और मजबूत किया।
गिल की तूफ़ानी पारी
आपको बताते चलें कि इस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चे से अगुवाई की। गिल ने सिर्फ 44 गेंदों पर 84 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। साई सुदर्शन ने भी शानदार फॉर्म जारी रखी।
सुदर्शन ने 36 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों के साथ 55 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की और टीम को तगड़ी शुरुआत दी। अंत में वॉशिंगटन सुंदर ने 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर पारी का धमाकेदार अंत किया।
सुंदर ने 2 चौके और 3 छक्के लगाए। जोस बटलर ने 10 गेंद में 13, जेसन होल्डर ने 7 और राहुल तेवतिया ने 4 गेंद में नाबाद 14 रन बनाए। राजस्थान की तरफ से बृजेश शर्मा को 2 विकेट मिले। वहीं रवींद्र जडेजा और यश राज पुंजा ने 1-1 विकेट लिया।
गिल-सुदर्शन जोड़ी ने रचा इतिहास
गौरतलब है कि गुजरात के कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी अब IPL इतिहास की सबसे सफल ओपनिंग जोड़ियों में शामिल हो गई है। दोनों ने गुजरात के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां की हैं। इतना ही नहीं, इन्होंने 100+ रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप का IPL रिकॉर्ड भी बराबर कर लिया है।
सनराइजर्स के लिए डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और अभिषेक शर्मा-ट्रैविस हेड ने 6-6 बार 100+ रन जोड़े थे। गिल-सुदर्शन ने भी अब 6 शतकीय साझेदारियां कर ली हैं। वॉर्नर-बेयरस्टो और कोहली-डु प्लेसिस 5-5 के साथ दूसरे नंबर पर हैं। इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच गई है। वहीं राजस्थान की राह अब मुश्किल हो गई है।


