रोहित शर्मा की कप्तानी में नहीं खेलने का इरफान पठान को है अफसोस, बोले- अगर वो मेरे कप्तान होते तो...

IPL 2023 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को करारी शिकस्त दी। मुंबई की इस जीत के बाद रोहित शर्मा की कप्तानी पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान फिदा हो गए।

calender

एक बार फिर रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम फाइनल की तरफ बढ़ रही है। बुधवार 24 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में जीत दर्ज कर मुंबई इंडियंस ने IPL 2023 के फाइनल में पहुंचने के लिए एक और पड़ाव पार कर लिया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की शानदार जीत के बाद भारतीय टीम के पूर्व आलराउंडर इरफान पठान भी रोहित शर्मा के दीवाने हो गए हैं। इरफान ने कहा कि काश वो भी रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल पाते। इरफान पठान ने इसके अलावा रोहित शर्मा को गेंदबाजों का कप्तान बताया।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल ने 5 विकेट चटकाकर अपनी टीम को जीत दिलाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने रोहित शर्मा की जमकर सराहना की। इरफान पठान ने कहा कि, “रोहित शर्मा गेंदबाजों के कप्तान हैं, जिस तरह से युवा खिलाड़ियों को हैंडल और बैक करते हैं, काश मैं भी रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल पाता।”

मुंबई सुपरस्टार बनाने वाली यूनिवर्सिटी है -

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने कहा कि, “मुंबई इंडियंस एक ऐसी यूनिवर्सिटी जहां की ग्रेजुएशन आपको सुपरस्टार बनाती है। एक नया सुपरस्टार बनता हुआ आकाश मधवाल, उसका पूरा क्रेडिट मुंबई इंडियंस की फ्रेंचाइजी को जाता है।”

एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ को 81 रनों से दी मात -

आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने 81 रनों से जीत दर्ज कर मुकाबले को अपने नाम किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रन का लक्ष्य खड़ा किया। जिसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की पूरी टीम 16.3 ओवर में महज 101 रनों पर ढेर हो गई।

मुंबई इंडियंस की तरफ से तेज गेंदबाज आकाश मधवाल ने बेहद शानदार गेंदबाजी करते हुए लखनऊ की आधी टीम को पवेलियन की राह दिखाई। आकाश ने 3.3 ओवर में महज 5 रन देकर 5 विकेट चटकाकर लखनऊ की कमर तोड़ दी। आकाश ने लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाज प्रेरक मांकड़, आयुष बदोनी, निकोलस पूरन, मोहिसन खान और रवि बिश्नोई को अपना शिकार बनाया।

First Updated : Thursday, 25 May 2023