फाइनल से पहले कीवी कप्तान का बड़ा बयान, 'भारतीयों के दिल तोड़ने भी पड़े तो...'
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए अगर कुछ भारतीय फैन्स के दिल भी टूटते हैं तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है.

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस खिताबी मैच से पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि अगर ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ भारतीय प्रशंसकों को निराश करना पड़े तो उनकी टीम इससे पीछे नहीं हटेगी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेंटनर ने क्या कहा?
फाइनल से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेंटनर ने कहा कि उनकी टीम इस मुकाबले में भले ही पसंदीदा नहीं मानी जा रही हो, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा है. उनके अनुसार, टी20 क्रिकेट में कई बार छोटी-छोटी गलतियां या सही फैसले ही मैच का रुख तय कर देते हैं. अगर उनकी टीम इन अहम पलों को सही ढंग से संभालने में सफल रहती है तो ट्रॉफी जीतना संभव है. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड का फोकस मैच के दौरान बुनियादी चीजों को बेहतर तरीके से करने पर रहेगा.
सेंटनर का यह बयान कुछ हद तक ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के उस बयान की याद दिलाता है जो उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले दिया था. कमिंस ने तब कहा था कि वह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद बड़ी संख्या में भारतीय दर्शकों को शांत कराना चाहते हैं. बाद में ऑस्ट्रेलिया ने उस फाइनल में भारत को हराकर खिताब जीत लिया था. ऐसे में सेंटनर के बयान को भी उसी तरह के आत्मविश्वास से जोड़कर देखा जा रहा है.
कीवी कप्तान का मानना है कि फाइनल मुकाबले में दबाव भारत पर ज्यादा रहेगा, क्योंकि भारतीय टीम अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतने की कोशिश करेगी. उन्होंने कहा कि बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में अक्सर मानसिक दबाव अहम भूमिका निभाता है और जो टीम उसे बेहतर तरीके से संभाल लेती है, उसके जीतने की संभावना बढ़ जाती है.
न्यूजीलैंड का शानदार प्रदर्शन
न्यूजीलैंड की टीम ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी. खास बात यह रही कि दक्षिण अफ्रीकी टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही थी, लेकिन कीवी टीम ने उसे कड़े मुकाबले में मात दी. इस जीत से न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है.
सेंटनर ने भारतीय टीम की तारीफ करते हुए कहा कि भारत के बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 250 से ज्यादा का स्कोर बचाने में भारतीय गेंदबाजों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी थी. उनके मुताबिक फाइनल में दोनों टीमें अपनी-अपनी ताकत के साथ उतरेंगी और जो टीम ज्यादा देर तक बेहतर प्रदर्शन करेगी, वही अंत में ट्रॉफी उठाने में सफल होगी.


