महेंद्र सिंह धोनी ने व्‍यूअरशिप में तोड़ दिया अपना ही रिकॉर्ड, माही की सिर्फ 3 गेंदों की पारी ने छू ली नई ऊंचाइयां

चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने IPL 2023 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना एक खास रिकॉर्ड तोड़ दिया है। माही ने केवल 3 गेंदें खेली लेकिन इस पारी ने व्‍यूअरशिप में नया रिकॉर्ड स्‍थापित किया।

calender

IPL 2023 (इंडियन प्रीमियर लीग) चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने चार साल के बाद अपने होमग्राउंड पर पहला मुकाबला खेला। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जब महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर आए तो चेन्नई का चेपॉक स्‍टेडियम दर्शकों की आवाज से गूंज उठा। सभी को इसकी पूरी उम्‍मीद भी थी।

महेंद्र सिंह धोनी चेहरे पर बिना कोई रिएक्‍शन लिए तेजी से चलते हुए क्रीज पर आए। स्टेडियम में चारों तरफ माही के चाहने वालों की आवाज गूंज रही थी। चेन्‍नई सुपर किंग्स की पारी का अंतिम ओवर चल रहा था। माही से यह उम्‍मीद की जा रही थी कि माही कोई चमत्‍कार करेंगे।

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्‍तान ने अपने फैंस को जरा भी निराश नहीं किया और IPL में संभवत: सबसे तेज गेंदबाज मार्क वुड का सामना करने के लिए क्रीज पर खड़े हो गए। दिल्‍ली कैपिटल्‍स का अपनी गति से बुरा हाल करने वाले मार्क वुड ने महेंद्र सिंह धोनी को पहली गेंद करीब 148.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली, जिस पर माही ने बल्‍ला चलाया और गेंद डीप थर्ड मैन के ऊपर से छक्‍के के लिए गई।

यहां माही के दर्शकों की आवाज इस कदर गूंजी, जैसे किसी को अपने गले की थोड़ी भी परवाह नहीं है। इसके बाद मार्क वुड ने अगली गेंद शॉर्ट लेंथ डाली, जिस पर माही ने अपने अंदाज में गेंद की लाइन में आए और जोरदार पुल शॉट लगा दिया। शॉट इतना जबरदस्त था कि गेंद हवा में इतनी ऊंची गई कि स्‍टैंड्स में टकराने के बाद ही कैमरे में नजर आई।

महेंद्र सिंह धोनी ने जितना लंबा शॉट खेला था, उनकी छोटी सी पारी की व्‍यूअरशिप (दर्शकों की संख्या) भी उतनी ही विशाल थी। आपको बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी तीसरी गेंद पर भी छक्‍का मारने के लिए गए, लेकिन इस गेंद पर माही कैच आउट हो गए। लेकिन माही की 3 गेंद की छोटी सी पारी ने नई ऊचाइयां प्राप्त की।

माही ने तोड़ दिया अपना ही रिकॉर्ड -

बता दें कि माही के जादू की सीमा केवल चेन्नई के चेपॉक स्‍टेडियम तक सीमित नहीं है। माही जहां भी जाते हैं, दर्शकों का पूरा प्‍यार हासिल करते हैं। माही की लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मात्र 3 गेंदों की पारी को जियो सिनेमा पर 1.7 करोड़ लोगों ने देखा, जो कि IPL 2023 में सबसे अधिक व्‍यूअरशिप का रिकॉर्ड है। इससे पहले वाला रिकॉर्ड 1.6 करोड़ का था और यह रिकॉर्ड भी महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज था।

जब माही गुजरात टाइटंस के खिलाफ बल्‍लेबाजी करने आए थे, तब जियो सिनेमा पर 1.6 करोड़ लोगों ने उनकी पारी का आनंद उठाया था। आपको बता दें कि चेन्‍नई सुपर किंग्‍स ने सोमवार को IPL 2023 के छठे मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 12 रन से शिकस्त दी थी। चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्‍लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 217 का स्‍कोर बनाया। जिसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 205 रन बना सकी थी।

First Updated : Wednesday, 05 April 2023