Asia Cup 2025 Trophy: एशिया कप 2025 के फाइनल के बाद हुए ट्रॉफी विवाद ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने बीसीसीआई (BCCI) से माफी मांगी है, लेकिन इस विवाद ने भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट संबंधों पर एक बार फिर तनाव पैदा कर दिया है. मोहसिन नकवी ने एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में नरम रवैया अपनाते हुए माना कि फाइनल के बाद स्थिति को इस तरह नहीं बढ़ाना चाहिए था.
जानकारी के अनुसार, मोहसिन नकवी ने BCCI से अपने आचरण पर खेद जताया और स्वीकार किया कि ट्रॉफी और मेडल से जुड़े विवाद को इस तरह बढ़ना नहीं चाहिए था. फाइनल के दिन, जब भारतीय टीम ने सीधे मोहसिन नकवी से ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार किया था, तो ACC प्रमुख ने पारंपरिक प्रस्तुति समारोह रोक दिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रॉफी और मेडल को मैदान से हटा दिया जाए.
ACC की बैठक में BCCI ने मोहसिन नकवी के आचरण की कड़ी आलोचना की. BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि एशिया कप ट्रॉफी ACC की है, PCB प्रमुख की नहीं. ट्रॉफी और मेडल को सही तरीके से भारतीय टीम को सौंपा जाना चाहिए. उन्होंने मोहसिन नकवी की आलोचना करते हुए कहा कि ट्रॉफी और मेडल को होटल ले जाना बेहद असभ्य और खेल भावना के खिलाफ था.
इससे पहले, BCCI सचिव देवाजित सैकिया ने भी मोहसिन नकवी के कार्यों का मजाक उड़ाया था. उन्होंने कहा कि हमने तय किया कि एशिया कप 2025 की ट्रॉफी ACC के अध्यक्ष से नहीं लेंगे, जो पाकिस्तान के वरिष्ठ नेता हैं. ये एक स्पष्ट फैसला था. ये उन्हें ट्रॉफी और मेडल अपने साथ ले जाने का अधिकार नहीं देता.
हालांकि नकवी ने BCCI से माफी मांगी, लेकिन उन्होंने ट्रॉफी लौटाने से इंकार कर दिया. उनका कहना था कि अगर भारतीय टीम ट्रॉफी चाहती है, तो कप्तान को व्यक्तिगत रूप से दुबई में ACC कार्यालय जाकर इसे लेना होगा. BCCI ने इस मांग को तुरंत खारिज कर दिया. सवाल उठाया गया कि फाइनल की रात कप्तान को दुबई क्यों जाना पड़े जब ट्रॉफी सीधे भारतीय टीम को नहीं दी गई.
First Updated : Wednesday, 01 October 2025