IPL 2026 का आगाज अगले महीने होने वाला है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल अभी भी वही है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी इस बार भी मैदान पर उतरेंगे? लंबे समय से चल रही अफवाहों और अनिश्चितता के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO के. एस. विश्वनाथन ने एक बड़ा संकेत दिया है.
उन्होंने कहा है कि धोनी IPL 2026 में भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे. इस खुलासे से फैंस में जबरदस्त खुशी और उत्साह फैल गया है.
पिछले कुछ महीनों से धोनी के रिटायरमेंट और IPL से संन्यास की खबरें जोर-शोर से चल रही थी. 43 साल की उम्र में धोनी का प्रदर्शन और फिटनेस को लेकर भी चर्चा होती रही, लेकिन CSK के CEO के बयान ने इन सारी अटकलों पर विराम लगा दिया है. हालांकि, धोनी ने खुद अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन फ्रेंचाइजी की ओर से आए इस संकेत को फैंस ने धोनी के खेलने की पुष्टि मान लिया है.
एमएस धोनी IPL के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं. उनकी अगुवाई में CSK ने 5 बार IPL ट्रॉफी जीती है. धोनी ने कुल 235 मैचों में कप्तानी की और 136 में जीत हासिल की. उनका शांत दिमाग, सही समय पर फैसले लेना, बेहतरीन फील्डिंग सेटअप और युवा खिलाड़ियों को मौका देकर उन्हें तैयार करना यही उनकी कप्तानी की सबसे बड़ी ताकत रही है. फैंस धोनी को सिर्फ बल्लेबाज या विकेटकीपर नहीं, बल्कि एक लीडर के रूप में देखते हैं.
IPL 2026 में 10 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 84 मैच खेले जाएंगे. अगर धोनी खेलते हैं तो उनका अनुभव टीम के लिए बहुत बड़ा फायदा साबित होगा. खासकर फिनिशिंग और दबाव वाले मैचों में धोनी का जादू चल सकता है. इस बार टीम की कप्तानी युवा ऋतुराज गायकवाड़ के हाथ में होगी, लेकिन धोनी की मौजूदगी से टीम का आत्मविश्वास और संतुलन दोनों बढ़ेगा.
2023 के बाद CSK खिताब नहीं जीत पाई है. फैंस को उम्मीद है कि धोनी की वापसी से टीम छठी ट्रॉफी जीतने में कामयाब होगी. IPL 2026 में स्टेडियम एक बार फिर "धोनी... धोनी..." के नारों से गूंज सकता है. First Updated : Sunday, 22 February 2026