यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को NADA ने भेजा नोटिस, जांच के घेरे में आए दोनों खिलाड़ी

NADA ने भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा को ‘वेयरअबाउट्स फेल्योर’ के नियम का उल्लंघन करने का नोटिस भेजा है. दोनों खिलाड़ी तय समय पर डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं मिले थे.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के दो सितारे खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा मुश्किल में फंस गए हैं. राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने दोनों को नोटिस जारी किया है. दोनों पर ‘वेयरअबाउट्स फेल्योर’ का मामला दर्ज किया गया है. यह एंटी-डोपिंग नियमों का उल्लंघन माना जाता है.

क्या है वेयरअबाउट्स फेल्योर?

NADA के नियमों के अनुसार, रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (RTP) में शामिल खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन और उपलब्धता की जानकारी पहले से देनी होती है. ताकि डोपिंग अधिकारी बिना सूचना दिए टेस्ट कर सकें. यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा दोनों इस पूल में शामिल हैं.

कब और क्या हुआ?

सूत्रों के अनुसार, यशस्वी जायसवाल का डोप टेस्ट 17 दिसंबर को तय था, लेकिन जब अधिकारी पहुंचे तो वे मौजूद नहीं थे. इसी तरह शेफाली वर्मा का टेस्ट 7 नवंबर को निर्धारित था, जिसमें वे नहीं मिली.

NADA ने फरवरी में दोनों को स्पष्टीकरण नोटिस भेजा. यशस्वी को 18 फरवरी और शेफाली को 20 फरवरी को जवाब देने के लिए कहा गया, लेकिन दोनों की ओर से कोई जवाब नहीं आने के बाद NADA ने उनका पहला ‘मिस्ड टेस्ट’ दर्ज कर लिया है. BCCI को भी इसकी जानकारी दे दी गई है.

दोनों खिलाड़ियों ने अपना पक्ष रखा  

यह अभी सीधे डोपिंग उल्लंघन नहीं माना जा रहा है. नियम के अनुसार, अगर कोई खिलाड़ी 12 महीने में तीन बार ऐसा नियम तोड़ता है, तो उसे दो साल तक का प्रतिबंध लग सकता है. फिलहाल दोनों खिलाड़ियों को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका मिलेगा.

यशस्वी जायसवाल इस समय IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं शेफाली वर्मा ने हाल ही में महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी और साउथ अफ्रीका दौरे पर भी खेली थीं. दोनों भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य माने जाते हैं. इस मामले ने एंटी-डोपिंग नियमों के पालन को लेकर नई बहस शुरू कर दी है.

NADA का रुख

NADA ने साफ किया है कि यह पहला उल्लंघन है. दोनों खिलाड़ी जवाब देकर मामले को सुलझा सकते हैं. क्रिकेट प्रेमी उम्मीद कर रहे हैं कि यह मामला जल्द सुलझ जाएगा और दोनों खिलाड़ी बिना किसी बड़े नुकसान के मैदान पर वापस लौटेंगे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो