T20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में नोरा फतेही-बादशाह लगाएंगे चार चांद
आईसीसी ने ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाले कलाकारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. समारोह में मशहूर सितार वादक ऋषभ शर्मा, जाने-माने परकशनिस्ट सिवामनी, रैपर और सिंगर बादशाह और बॉलीवुड की चर्चित डांसर नोरा फतेही प्रस्तुति देंगी.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच आज से आधिकारिक तौर पर शुरू हो रहा है. क्रिकेट प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद खास है. विश्व कप का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा, जबकि भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत यूएसए के खिलाफ करेगी. इसके साथ ही रंगारंग उद्घाटन समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जो दर्शकों के उत्साह को दोगुना करने वाला है.
कोलंबो में होगा उद्घाटन मुकाबला
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच कोलंबो में होगा. इसके बाद दिन का दूसरा मैच दोपहर 3 बजे से कोलकाता में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच खेला जाएगा. दिन का सबसे बड़ा आकर्षण शाम 7 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाला भारत बनाम यूएसए मुकाबला रहेगा. इस मैच से पहले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा. खास बात यह है कि जिन दर्शकों के पास मैच के टिकट हैं वही टिकट उद्घाटन समारोह के लिए भी मान्य होंगे.
आईसीसी ने ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म करने वाले कलाकारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है. समारोह में मशहूर सितार वादक ऋषभ शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे. जाने-माने परकशनिस्ट सिवामनी भी मंच पर नजर आएंगे. इसके बाद लोकप्रिय रैपर और सिंगर बादशाह अपने हिट गानों से माहौल बनाएंगे. बॉलीवुड की चर्चित डांसर नोरा फतेही अपनी दमदार परफॉर्मेंस से समारोह में चार चांद लगाएंगी. यह आयोजन भारतीय संगीत और मनोरंजन की विविधता को दुनिया के सामने पेश करेगा.
उद्घाटन समारोह शाम 6 बजे से
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी भारत बनाम यूएसए मैच से ठीक एक घंटे पहले शुरू होगी. चूंकि मुकाबला शाम 7 बजे से खेला जाना है. इसलिए उद्घाटन समारोह शाम 6 बजे शुरू होगा. दर्शक स्टेडियम में और टीवी स्क्रीन के सामने इस शानदार कार्यक्रम का आनंद ले सकेंगे.
टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. वहीं डिजिटल दर्शकों के लिए जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी. उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण भी इन्हीं प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा.
आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का औपचारिक स्वागत करेंगे. उनके साथ सभी भाग लेने वाले देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 युवा एम्बेसडर भी मौजूद रहेंगे, जो मिलकर टूर्नामेंट की आधिकारिक शुरुआत करेंगे.


