अहमदाबादः अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने न सिर्फ अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदला, बल्कि मैदान के बाहर भी अपने मानवीय व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया. 25 गेंदों में 63 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले इस भारतीय ऑलराउंडर का एक छक्का ऐसा था, जिसने बाउंड्री के पास मौजूद एक कैमरामैन को चोटिल कर दिया. हालांकि इसके बाद जो हुआ, उसने हार्दिक को सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक संवेदनशील इंसान के रूप में भी सामने रखा.
भारतीय पारी के दौरान हार्दिक पांड्या ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी. उनकी पारी में पांच गगनचुंबी छक्के शामिल थे. इसी दौरान लगाया गया एक सीधा छक्का बाउंड्री लाइन के पास खड़े कैमरामैन के कंधे पर जा लगा. गेंद की रफ्तार इतनी तेज थी कि कैमरामैन को तुरंत दर्द महसूस हुआ और मौके पर मौजूद मेडिकल स्टाफ को हस्तक्षेप करना पड़ा. भारतीय टीम के फिजियो ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया और बर्फ की पट्टी लगाई गई.
भारतीय पारी खत्म होते ही हार्दिक पांड्या सीधे उस कैमरामैन के पास पहुंचे, जिसे उनकी गेंद से चोट लगी थी. उन्होंने न सिर्फ उसका हालचाल पूछा, बल्कि प्राथमिक उपचार में भी मदद की. हार्दिक ने कैमरामैन को गले लगाकर अनजाने में हुई चोट के लिए माफी भी मांगी. यह पल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए हार्दिक ने कहा कि भगवान की कृपा है कि गेंद उससे ऊपर नहीं गई. जिस जगह गेंद लगी, वहां शायद कल निशान दिखेगा, लेकिन वह बहुत भाग्यशाली था. मुझे अंदर से काफी चिंता हुई क्योंकि हिट बहुत सटीक थी. मैं बस यह सुनिश्चित करना चाहता था कि वह ठीक है. वहीं कैमरामैन ने इस घटना को हल्के में लेते हुए कहा, “कुछ नहीं हुआ, सब ठीक है.
मैच की बात करें तो हार्दिक पांड्या इस मुकाबले के असली गेम चेंजर साबित हुए. शीर्ष क्रम द्वारा मजबूत शुरुआत के बाद उन्होंने मध्य और अंतिम ओवरों में रनों की बौछार कर दी. तिलक वर्मा के साथ उनकी शतकीय साझेदारी ने भारत को बड़े स्कोर की ओर पहुंचाया. तिलक ने 42 गेंदों में 73 रन बनाए, जबकि हार्दिक की 63 रन की पारी ने भारत को 231/5 तक पहुंचा दिया.
दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्विंटन डी कॉक और देवाल्ड ब्रेविस ने आक्रामक शुरुआत कर कुछ देर के लिए मैच में रोमांच पैदा किया. लेकिन हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी में भी असर दिखाया और ब्रेविस का अहम विकेट लेकर मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया. प्रोटियाज की टीम 120/1 से 135/5 तक सिमट गई.
आखिरकार भारत ने यह मुकाबला जीतते हुए सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली. इस मैच में हार्दिक पांड्या का योगदान सिर्फ रन और विकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मैदान के बाहर उनका व्यवहार भी लंबे समय तक याद रखा जाएगा. अहमदाबाद की यह रात भारतीय क्रिकेट के लिए जीत और खेल भावना—दोनों की मिसाल बन गई.
First Updated : Saturday, 20 December 2025