IPL 2025: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में 11 मई को खेले जाने वाला पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मुकाबला अब धारमशाला की बजाय अहमदाबाद में हो सकता है. यह बदलाव ऑपरेशन सिन्दूर के चलते उत्पन्न हुई सुरक्षा और लॉजिस्टिक चिंताओं के कारण किया जा सकता है. बीसीसीआई (BCCI) मैच को किसी भी हाल में स्थगित या रद्द न करने के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है, क्योंकि यह मुकाबला प्लेऑफ की दौड़ में अहम भूमिका निभा सकता है.
धारमशाला में रविवार को होने वाला यह हाई-वोल्टेज मैच अब अनिश्चितता के घेरे में है. बुधवार को भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकी ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद सुरक्षा कारणों से कई हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया, जिनमें कांगड़ा (धारमशाला) एयरपोर्ट भी शामिल है. इसी के चलते बीसीसीआई ने गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) से संपर्क कर मैच को अहमदाबाद में आयोजित करने की योजना बनाई है.
ऑपरेशन सिन्दूर के तहत भारतीय सेना की बड़ी कार्रवाई के बाद बीसीसीआई ने तुरंत कंटिनजेंसी प्लान पर काम शुरू कर दिया. ऐसे में मैच को सुरक्षित तरीके से करवाने के लिए अब अहमदाबाद को विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अनिल पटेल ने पुष्टि की है कि बीसीसीआई ने उनसे रविवार के मैच की मेज़बानी के लिए संपर्क किया है.
इससे पहले चिंता यह थी कि क्या 8 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाला मुकाबला भी प्रभावित होगा. हालांकि, सरकारी मंज़ूरी मिलने के बाद यह मैच अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार धारमशाला में ही खेला जाएगा. गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स की टीम एयरपोर्ट बंद होने से पहले ही शहर पहुंच चुकी थी. लेकिन अब वापसी के लिए उन्हें सड़क या रेल मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा क्योंकि फ्लाइट सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं.
मुंबई इंडियंस की टीम अपने अगले मैच के लिए बीसीसीआई के अंतिम फैसले का इंतज़ार कर रही है. हाल ही में उन्होंने सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबला खेला था. टीम के ट्रैवल प्लान इस बात पर निर्भर करेंगे कि BCCI मैच को अहमदाबाद में शिफ्ट करता है या नहीं. First Updated : Thursday, 08 May 2025