प्रियांश आर्य-कूपर कोनोली के तूफान में उड़ा लखनऊ, 54 रनों से हराया

पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से करारी शिकश्त दी. मुकाबले में प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली पंजाब किंग्स की इस बड़ी जीत के नायक रहे.

calender

आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराकर अपनी जीत की लय बरकरार रखी. यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां पंजाब की टीम ने हर विभाग में दमदार खेल दिखाया.

पंजाब ने 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया

मैच की शुरुआत में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उसके लिए भारी पड़ गया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरे और लखनऊ के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा.

इस बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत ठीक-ठाक रही. आयुष बडोनी और मिचेल मार्श ने टीम को संभली हुई शुरुआत दी, लेकिन जैसे ही बडोनी आउट हुए, टीम की लय टूट गई. इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे लखनऊ की टीम लक्ष्य से दूर होती चली गई. अंततः टीम 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 200 रन ही बना सकी.

लखनऊ की ओर से कप्तान ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए. उनके अलावा एडन मार्क्रम ने 42 रन, मिचेल मार्श ने 40 रन और आयुष बडोनी ने 35 रन की पारी खेली. हालांकि, इन पारियों के बावजूद टीम लक्ष्य के करीब नहीं पहुंच सकी. वहीं, निकोलस पूरन एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे.

जीत के हीरो प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली 

पंजाब की जीत के हीरो प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली रहे. शुरुआती झटके के बाद इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 182 रन की बड़ी साझेदारी की, जिसने मैच का रुख तय कर दिया. प्रियांश आर्य ने सिर्फ 37 गेंदों में 93 रन बनाते हुए गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. उनकी पारी में 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर, कूपर कोनोली ने 46 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे.

इस जीत के साथ पंजाब किंग्स का शानदार प्रदर्शन जारी है. टीम ने इस सीजन में अब तक कोई मैच नहीं हारा है और 6 में से 5 मुकाबले जीत चुकी है, जबकि एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. इसी दमदार प्रदर्शन के चलते पंजाब अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर काबिज है. First Updated : Sunday, 19 April 2026