आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. यह इस सीजन में बेंगलुरु की पांचवीं जीत रही, जिसके साथ ही टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई. गुजरात के बल्लेबाज साई सुदर्शन की शानदार शतकीय पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी.
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. इस बड़ी पारी की नींव साई सुदर्शन ने रखी, जिन्होंने 58 गेंदों में 100 रन बनाए. यह उनके आईपीएल करियर का तीसरा शतक था. उनकी इस पारी में शानदार शॉट्स और बेहतरीन टाइमिंग देखने को मिली, लेकिन बाकी बल्लेबाजों से उन्हें ज्यादा सहयोग नहीं मिल पाया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने जल्दी ही पहला विकेट गंवा दिया. इसके बाद विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 115 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख बदल दिया. पडिक्कल ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और कुल 27 गेंदों में 55 रन बनाए। वहीं कोहली ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए 44 गेंदों में 81 रन ठोक दिए. इस शानदार पारी की बदौलत कोहली ने एक बार फिर ऑरेंज कैप अपने नाम कर ली.
हालांकि एक समय ऐसा लगा कि आरसीबी आसानी से मैच जीत लेगी, जब टीम का स्कोर एक विकेट पर 141 रन था. लेकिन अचानक टीम की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और 16 गेंदों के भीतर चार विकेट गिर गए, जिससे मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया. इस दबाव भरे समय में क्रुणाल पांड्या और टिम डेविड ने संयम दिखाते हुए टीम को संभाला और जीत दिलाई. पांड्या ने 12 गेंदों में 23 रन बनाए, जबकि टिम डेविड 10 रन बनाकर नाबाद रहे. First Updated : Friday, 24 April 2026