रिकल्टन का तूफान! 44 गेंदों में शतक, 19 साल पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर
रिकल्टन ने 44 गेंदों में शतक जड़कर मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड बना दिया. यह सीजन टीम के लिए भले खराब रहा हो, लेकिन बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई शतक ठोके हैं.

आईपीएल 2026 का सीजन मुंबई इंडियंस के लिए भले ही उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा हो, लेकिन टीम के कुछ खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से अलग पहचान बनाई है. इनमें सबसे प्रमुख नाम ओपनर रायन रिकल्टन का है, जिन्होंने इस सीजन में अपना पहला आईपीएल शतक जड़कर सबका ध्यान खींच लिया. खास बात यह रही कि इस शतक के साथ ही उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
हैदराबाद के खिलाफ रिकल्टन का बल्ला बोला
29 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रिकल्टन का बल्ला जमकर बोला. टीम को पिछले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में इस मैच में उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिला. दरअसल, नियमित ओपनर क्विंटन डिकॉक चोट के कारण बाहर थे, जिसका रिकल्टन ने पूरा फायदा उठाया.
मैच की शुरुआत से ही रिकल्टन आक्रामक अंदाज में नजर आए. उन्होंने विल जैक्स के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 93 रनों की तेज साझेदारी की. रिकल्टन ने महज 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद भी रन बनाने की रफ्तार धीमी नहीं की. जैक्स के आउट होने के बाद भी उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और अंततः सिर्फ 44 गेंदों में अपना पहला आईपीएल शतक पूरा कर लिया.
तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड
इस शानदार पारी के साथ रिकल्टन ने मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. इससे पहले यह उपलब्धि सनथ जयसूर्या के नाम थी, जिन्होंने 2008 में 45 गेंदों में शतक लगाया था. इसी सीजन में तिलक वर्मा ने भी 45 गेंदों में शतक जमाकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी, लेकिन रिकल्टन ने एक गेंद कम लेकर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया.
रिकल्टन इस सीजन में मुंबई के लिए शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए हैं. दिलचस्प बात यह है कि टीम के लिए इस साल तीनों शतक बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने ही लगाए हैं. सबसे पहले डिकॉक ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शतक जड़ा था, जबकि इसके बाद तिलक वर्मा ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार सेंचुरी लगाई थी.


