Rishabh Pant: मैनचेस्टर टेस्ट में मिली राहत के बाद भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है. चौथे टेस्ट को ड्रॉ कराने के बाद जहां भारत को सीरीज बराबर करने की उम्मीदें थीं, वहीं अब स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की चोट ने इस लक्ष्य को और कठिन बना दिया है. बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि पंत अब 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेले जाने वाले पांचवें और अंतिम टेस्ट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे.
पंत को मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी करते समय गंभीर चोट लगी थी. उनके स्थान पर चयनकर्ताओं ने टीम में अनकैप्ड विकेटकीपर एन जगदीशन को शामिल किया है. भारत इस समय सीरीज में 1-2 से पीछे चल रहा है, लेकिन पांचवां टेस्ट जीतकर सीरीज को बराबरी पर खत्म करने की उम्मीद अभी बाकी है.
बीसीसीआई के अनुसार, मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वॉक्स की गेंद उनके दाहिने पैर पर लगी थी, जब वह रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश कर रहे थे. गेंद लगते ही वह काफी दर्द में नजर आए और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. हालांकि, साहस दिखाते हुए पंत अगले दिन बल्लेबाजी करने उतरे और एक बेहतरीन अर्धशतक भी जमाया.
बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान दाहिने पैर में फ्रैक्चर होने के कारण ऋषभ पंत सीरीज के पांचवें और अंतिम टेस्ट से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रखेगी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है."
ऋषभ पंत के बाहर होने से टीम में जगह खाली हुई थी, जिसे भरने के लिए चयनकर्ताओं ने तमिलनाडु के प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज नारायण जगदीशन को मौका दिया है. वह अभी तक टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू नहीं कर पाए हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें यह मौका दिया गया है.
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज, अर्शदीप सिंह, एन जगदीशन (विकेटकीपर). First Updated : Monday, 28 July 2025