सूर्यवंशी की 103 रनों की पारी पर भारी पड़ी ईशान किशन की 74 रनों की पारी, मैच से RCB को कैसे हुआ नुकसान

SRH ने 19 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। इसी जीत के साथ हैदराबाद की टीम अब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुँच गई है और RCB को तीसरे स्थान पर धकेल दिया।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: जयपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया। पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।

राजस्थान ने वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के दम पर 20 ओवर में 228 रन बनाए, लेकिन SRH ने 19 ओवर में ही टारगेट हासिल कर लिया। इसी जीत के साथ हैदराबाद की टीम अब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुँच गई है और RCB को तीसरे स्थान पर धकेल दिया।

वैभव सूर्यवंशी का तूफान 

राजस्थान की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने की। वैभव ने पहले ही ओवर में 4 छक्के जड़कर इरादे साफ कर दिए। तीसरे ओवर में यशस्वी आउट हो गए, लेकिन वैभव नहीं रुके। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। दूसरे छोर से ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक लगाया और वैभव के साथ शतकीय साझेदारी की।

13वें ओवर में जुरेल आउट हुए, पर वैभव डटे रहे। वैभव सूर्यवंशी ने 36 गेंदों में सेंचुरी ठोक दी। हालांकि शतक पूरा करने के बाद अगली ही गेंद पर साकिब हुसैन ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। वैभव ने 37 गेंदों में 12 छक्के और 5 चौकों की मदद से 103 रन बनाए। कप्तान रियान पराग 8 गेंदों पर 7 रन बनाकर कमिंस का शिकार बने।

डोनोवन फरेरा ने 33 रन बनाए और ईशान मलिंगा की गेंद पर आउट हुए। शिमरोन हेटमायर भी 11 रन ही बना सके और प्रफुल हिंगे ने उन्हें चलता किया। राजस्थान 20 ओवर में 228 रन तक पहुंचा।

अभिषेक और ईशान ने पलट दिया मैच का पासा 

गौरतलब है कि 229 के जवाब में SRH की शुरुआत खराब रही। ट्रेविस हेड एक बार फिर नाकाम रहे और 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। अभिषेक ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए और 10वें ओवर में आउट हुए। ईशान किशन ने गियर बदला और 31 गेंदों में 74 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।

उनकी इनिंग ने हैदराबाद के लिए पूरा मोमेंटम सेट कर दिया। ईशान के जाने के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने पारी संभाली। नीतीश 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि क्लासेन ने 29 रन जोड़े। आखिर में सलिल अरोड़ा और अनिकेत ने नाबाद रहते हुए मैच फिनिश किया। हैदराबाद ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो