SL vs NZ: सेमीफाइनल की रेस से बाहर हुई श्रीलंका, न्यूजीलैंड ने सुपर-8 में 61 रनों से हराया
श्रीलंका टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गया है, न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रन से हराया. इस हार के साथ श्रीलंका की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं .

नई दिल्ली : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में कोलंबो के मैदान पर न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच एक निर्णायक भिड़ंत देखने को मिली. कीवी टीम ने हर विभाग में शानदार खेल दिखाते हुए श्रीलंका को 61 रनों के बड़े अंतर से मात दी. इस ऐतिहासिक जीत ने न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से खड़ा कर दिया है, जबकि श्रीलंका के लिए घरेलू मैदान पर विश्व कप का सफर यहीं समाप्त हो गया. टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था.
ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने पारी को संभाला
मैच की शुरुआत न्यूजीलैंड के लिए अच्छी नहीं रही और केवल 30 रन के योग पर फिन एलन आउट हो गए. जल्द ही टिम सिफर्ट भी चलते बने, जिससे टीम दबाव में आ गई. इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने पारी को संभाला. श्रीलंकाई गेंदबाज महेश तीक्ष्णा ने बीच के ओवरों में रचिन और चैपमैन को आउट कर कीवी टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं. हालांकि, अंतिम ओवरों में कोल मैककोन्ची और मिचेल सेंटनर की जुझारू बल्लेबाजी ने टीम का कुल स्कोर 168 रनों तक पहुँचा दिया.
New Zealand rise to the occasion in Colombo to keep their #T20WorldCup 2026 semi-final hopes alive 💪
📝: https://t.co/hMg2rAXfsc pic.twitter.com/cUmI1Uca22— ICC (@ICC) February 25, 2026
श्रीलंकाई बल्लेबाजी का ताश के पत्तों सा ढहना..
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं थी. पारी की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका बिना खाता खोले क्लीन बोल्ड हो गए. इस शुरुआती झटके के बाद श्रीलंकाई बल्लेबाज उबर नहीं सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. कामिंदु मेंडिस ने सर्वाधिक 31 रन बनाकर अकेले संघर्ष किया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई साथ नहीं मिला. पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर महज 107 रन ही बना पाई.
रचिन रविंद्र की फिरकी का जादू
मैच के असली नायक रचिन रविंद्र साबित हुए, जिन्होंने पहले बल्ले से 32 रन जोड़े और फिर गेंद से कोहराम मचा दिया. रविंद्र ने अपनी चतुर फिरकी गेंदबाजी से श्रीलंका के मध्यक्रम को तहस-नहस करते हुए महत्वपूर्ण 4 विकेट चटकाए. उनके इस घातक स्पेल ने मैच का रुख पूरी तरह न्यूजीलैंड की ओर मोड़ दिया. रचिन के अलावा तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने दो सफलताएं हासिल कीं, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स के हिस्से में एक-एक विकेट आया.
सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर श्रीलंका
ग्रुप 2 की अंक तालिका अब एक रोचक मोड़ पर खड़ी है. इंग्लैंड दो जीत के साथ पहले ही सेमीफाइनल में पहुँच चुका है. अब दूसरे स्थान के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सीधी टक्कर है. न्यूजीलैंड 3 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है, जबकि पाकिस्तान के खाते में केवल एक अंक है. यदि न्यूजीलैंड अपना अगला मुकाबला जीत लेता है, तो वह क्वालीफाई कर जाएगा. हालांकि, उनकी हार और पाकिस्तान की जीत की स्थिति में फैसला नेट रन रेट के आधार पर लिया जाएगा.
न्यूजीलैंड ने 17 और श्रीलंका ने 11 बार जीत
न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच टी20 क्रिकेट का इतिहास काफी पुराना और संघर्षपूर्ण रहा है. अब तक दोनों देशों के बीच कुल 29 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें न्यूजीलैंड ने 17 और श्रीलंका ने 11 बार जीत का स्वाद चखा है. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास की बात करें तो श्रीलंका का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है, जहाँ उसने 7 मैचों में से 4 जीते हैं. हालांकि, कोलंबो की इस ताज़ा जीत ने कीवी टीम के आत्मविश्वास को आसमान पर पहुँचा दिया है.


