Sunil Gavaskar: बड़ी फिल्मी है सुनील गावस्कर की लव स्टोरी, ऑटोग्राफ लेने आई फैन को दे बैठे थे दिल

Sunil Gavaskar Love Story: सुनील गावस्कर ने 23 सितंबर 1974 को मार्शनील मल्होत्रा से शादी की। मार्शनील उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली हैं, पहली बार दोनों की मुलाकात स्टेडियम में हुई थी।

calender

Sunil Gavaskar's Interesting Love Story: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए पूरी दुनिया में मशहूर हैं। गावस्कर अपने समय के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक थे, तो वहीं इस दिग्गज बल्लेबाज की लव स्टोरी भी बेहद दिलचस्प है। सुनील गावस्कर ने मार्शनील मल्होत्रा से शादी की थी।

सुनील गावस्कर उस समय मार्शनील मल्होत्रा को दिल दे बैठे थे, जब वो उनसे ऑटोग्राफ लेने के लिए आई थीं। बता दें कि मार्शनील मल्होत्रा उत्तर प्रदेश के कानपुर से ताल्लुक रखती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मार्शनील मल्होत्रा एक चमड़ा कारोबारी की पुत्री हैं, जब सुनील गावस्कर से मार्शनील मल्होत्रा की पहली मुलाकात (साल 1973 में) हुई थी, उस समय दिल्ली के श्रीराम कॉलेज में मार्शनील बीए की पढ़ाई कर रही थीं।

मार्शनील मैच देखने के लिए स्टेडियम आई हुई थीं, मैच में लंच ब्रेक के दौरान सुनील गावस्कर स्टूडेंट्स गैलरी में खड़े हुए थे और उन्हें देख मार्शनील ऑटोग्राफ लेने के लिए उनके पास पहुंची। कहा जाता है कि ऑटोग्राफ के साथ-साथ सुनील गावस्कर ने अपना दिल भी मार्शनील को दे दिया। हालांकि इस बात से मार्शनील पूरी तरह अंजान थीं।

पहली ही नजर में मार्शनील पर सुनील गावस्कर दिल हार बैठे थे, सुनील गावस्कर ने इसके बाद मार्शनील के बारे में पता करवाया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुनील गावस्कर खुद मार्शनील मल्होत्रा के लिए कानपुर तक चले गए थे और गावस्कर ने मार्शनील मल्होत्रा के मोहल्ले और घर के कई चक्कर भी लगाए थे।

फिल्मी अंदाज में किया था शादी के लिए प्रपोज -

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सुनील गावस्कर ने कानपुर में ही मार्शनील मल्होत्रा को उनके घर वालों के सामने ही शादी के लिए प्रपोज किया था। कानपुर में होने वाले एक टेस्ट मुकाबले के लिए सुनील गावस्कर ने मार्शनील मल्होत्रा के पूरे परिवार को आमंत्रण दिया था और मुकाबले के बाद गावस्कर ने मार्शनील को प्रपोज किया था। मार्शनील के घरवाले इस शादी के लिए राजी थे, इसके बाद सुनील गावस्कर ने मार्शनील मल्होत्रा से 23 सितंबर 1974 को शादी करके हमेशा-हमेशा के लिए उनका हाथ थाम लिया था।

First Updated : Monday, 19 June 2023