सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से नहीं किया हैंडशेक

कोलंबो में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित कहा. टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

कोलंबो में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्यौता दिया है. टॉस के समय भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया. यह कदम अचानक नहीं था, बल्कि पिछले वर्ष दुबई में आयोजित एशिया कप के बाद से दोनों टीमों के बीच अपनाए जा रहे प्रोटोकॉल का ही हिस्सा माना जा रहा है.

 मैचों में हाथ मिलाने की परंपरा से दूरी 

दरअसल, भारत ने एशिया कप 2025 के बाद से पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में हाथ मिलाने की परंपरा से दूरी बना ली है. यह निर्णय केवल सीनियर पुरुष टीम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं और महिला क्रिकेट में भी इसी नीति का पालन किया गया. इस फैसले के पीछे पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर जैसी घटनाओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है, जिनके चलते दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव और बढ़ गया.

कोलंबो में टॉस के समय सूर्यकुमार यादव से इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, लेकिन सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए. उन्होंने कहा कि फिलहाल टीम का पूरा ध्यान क्रिकेट खेलने पर है और बाकी मुद्दों पर बाद में विचार किया जा सकता है. उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि इस विषय पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत नहीं है और सभी को मैच का आनंद लेना चाहिए.

पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने क्या कहा? 

दूसरी ओर, मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा भी इस मुद्दे पर सतर्क दिखाई दिए. जब उनसे पूछा गया कि क्या दोनों कप्तान हाथ मिलाएंगे तो उन्होंने कहा कि यह स्थिति मैच के दौरान ही स्पष्ट होगी. हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि क्रिकेट को हमेशा खेल भावना के साथ खेला जाना चाहिए और यही सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि व्यक्तिगत विचारों से ज्यादा मायने खेल की भावना और परंपराओं का होता है.

मैच में कौन-कौन खेल रहा? 

यह मामला पहली बार एशिया कप 2025 के दौरान सुर्खियों में आया था, जब सूर्यकुमार यादव द्वारा हाथ मिलाने से इनकार करने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उसके अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. उस समय पाकिस्तान ने अगले मैच के बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी, लेकिन बाद में टूर्नामेंट में हिस्सा जारी रखने का फैसला किया. यह विवाद पूरे टूर्नामेंट के दौरान चर्चा का विषय बना रहा.

कोलंबो में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत की टीम में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह शामिल थे. वहीं, पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा, बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान, शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद और उस्मान तारिक खेल रहे हैं. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag