Asia Cup 2025: आज होगा टीम इंडिया का ऐलान, BCCI दोपहर 1:30 बजे करेगी खुलासा

एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा आज दोपहर 1:30 बजे होने वाली है, और क्रिकेट फैंस की नजरें इस बड़े ऐलान पर टिकी हैं. अजित आगरकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का खुलासा करेंगे. यह लाइव इवेंट आप स्टार स्पोर्ट्स, जियो सिनेमा, और बीसीसीआई के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

Asia Cup 2025: भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. बीसीसीआई की चयन समिति मंगलवार को मुंबई हेडक्वार्टर में बैठक कर एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान करेगी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चीफ सेलेक्टर अजित आगरकर टीम का खुलासा करेंगे और उनके साथ टीम इंडिया के कप्तान भी मौजूद रहेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 1:30 बजे से होगी. एशिया कप की मेजबानी इस बार भले ही भारत के पास है, लेकिन सभी मुकाबले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेले जाएंगे. टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से होगी और इसमें आठ टीमें खिताब की जंग लड़ेंगी. टीम इंडिया मौजूदा चैंपियन है, जिसने 2023 में श्रीलंका को फाइनल में 10 विकेट से हराकर खिताब जीता था. यही कारण है कि इस बार भी सभी निगाहें भारत की स्क्वॉड पर टिकी हैं.

कप्तानी और टीम चयन पर सबकी नजर

भारतीय क्रिकेट में पिछले कुछ समय से फॉर्मेट के हिसाब से अलग-अलग कप्तान जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. सूर्यकुमार यादव फिलहाल टी20 टीम की कमान संभाल रहे हैं, जबकि शुभमन गिल टेस्ट टीम के कप्तान हैं. इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में गिल की कप्तानी में शानदार जीत दर्ज करने के बाद माना जा रहा है कि उन्हें एशिया कप की टी20 टीम में भी मौका मिल सकता है. हालांकि, इस पर अंतिम निर्णय आज होगा.

टीम चयन को लेकर एक और अहम पहलू है अनुभवी खिलाड़ियों की फिटनेस और उभरते युवा खिलाड़ियों को मौका देने का संतुलन. सेलेक्शन कमेटी किस तरह का कॉम्बिनेशन बनाती है, इस पर सबकी की नजरें टिकी होंगी.

प्रेस कॉन्फ्रेंस कहां देखें?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजित आगरकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित होगी. वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक इसे जियोसिनेमा/हॉटस्टार के जरिए देख सकेंगे.

महिला टीम का भी ऐलान

आज केवल पुरुष क्रिकेट टीम ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट टीम का भी ऐलान किया जाएगा. महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है. यही स्क्वॉड आगामी महिला वनडे विश्व कप के लिए भी चुना जाएगा.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag